कुरुक्षेत्र में 23 जुलाई से लेकर 27 जुलाई तक आयोजित होगा अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम,28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से पहुंचेंगे 900 युवा, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विकास विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने किया कार्यक्रम स्थल का अवलोकन, अधिकारियों से तैयारियों को लेकर की बातचीत
कुरुक्षेत्र, 9 जुलाई। हरियाणा युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विकास विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने कहा कि  कुरुक्षेत्र गीता स्थली की पावन धरा पर 23 जुलाई से 27 जुलाई तक अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में होगा। इस कार्यक्रम में देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 900 युवाओं को आमंत्रित किया गया है। इस अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम को ऐतिहासिक और यादगार बनाने का काम किया जाएगा।
प्रधान सचिव राजीव रंजन बुधवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनेट हाल में अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले प्रधान सचिव राजीव रंजन, हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के निदेशक कैप्टन मनोज कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त महावीर प्रसाद,केडीबी सीईओ पंकज सेतिया,डीएसपी सुनील कुमार, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. विरेन्द्र पाल,डीवाईसीए के निदेशक डा. विवेक चावला,आईटीआई के उपनिदेशक राजकुमार,आईटीआई के प्रधानाचार्य जगमोहन ने 23 से 27 जुलाई तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विकास विभाग की तरफ से आयोजित होने वाले अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम स्थल कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय सभागार का अवलोकन किया। इसके उपरांत सिनेट हॉल में अधिकारियों से तैयारियों से लेकर चर्चा भी की है।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 23 जुलाई को अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का सुबह 11 बजे उद्घाटन होगा और इस दौरान विभिन्न प्रदेशों से आए युवाओं के द्वारा मार्च पास्ट निकाला जाएगा। इसी दिन 3 बजे से लेकर 4:30 बजे तक विषय विशेषज्ञ युवाओं के साथ सीधा संवाद करेंगे और 5:30 बजे से लेकर 8:30 विभिन्न प्रदेशों से आए युवा अपने-अपने प्रदेश के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि 24 जुलाई को सुबह 6 बजे से लेकर 7 बजे तक योगा सैशन होगा, 10 बजे से लेकर 11:30 बजे तक पर्यावरण और 11:30 बजे से लेकर 1 बजे तक पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों पर मंथन किया जाएगा। इसके उपरांत 3 बजे से लेकर 4:30 बजे तक विभिन्न प्रदेश अपने-अपने प्रदेशों के प्रमुख गतिविधियों और पर्यटन स्थलों की पीपीटी प्रस्तुत करेंगे तथा सायं के समय 5:30 बजे से लेकर 8:30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
प्रधान सचिव ने कहा कि 25 जुलाई को सुबह के समय योगा और स्किल डेवलपमेंट पर चर्चा की जाएगी और सायं 3 बजे से लेकर 8 बजे तक समापन समारोह का आयोजन होगा, 26 जुलाई को विभिन्न प्रदेशों से आए विद्यार्थी कुरुक्षेत्र के पर्यटन और तीर्थ स्थलों का भ्रमण करेंगे तथा 27 जुलाई को सभी युवा अपने-अपने प्रदेश को हरियाणा और कुरुक्षेत्र की यादों के साथ वापिस लौटेंगे।
उन्होंने कहा कि युवाओं के ठहरने के लिए धर्मशालाओं में व्यवस्था की जानी है, सभी जगहों पर साफ-सफाई, पीने के पानी, बिजली, शौचालयों की साफ सफाई, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर हैल्प डेस्क स्थापित करने, ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से बनाए रखने, एम्बुलेंस और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंध पूरे करने है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करेगा। इसके अलावा केडीबी, विश्वविद्यालय और अन्य संबंधित विभागों को प्रदर्शनी लगाने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *