रेवाड़ी। रेवाड़ी शहर के पॉश इलाके सेक्टर-4 में शक्ति नगर के समीप दो सांड बीच सड़क इस कदर लड़े की नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन और भाजपा नेता विजय राव की कोठी की भारी भरकम दीवार ही ढह गई। गनीमत यह रही कि दीवार के पास उस वक्त कोई नहीं था, वरना बड़ा हादसा भी हो सकता था।

इससे पहले दोनों सांड की लड़ाई के बीच सड़क से गुजर रही स्कूटी सवार महिला और बुजुर्ग भी बाल-बाल बच गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सांड लड़ते हुए दीवार के अंदर घुसते हुए दिख रहे हैं।

यह हाल तब है जब नगर परिषद छह माह के अंदर शहर की सड़कों से गोवंशी पकड़ने के नाम पर 22 लाख 62 हजार रुपये खर्च चुकी है। टेंडर लेने वाली फर्म इस अवधि में 1300 गोवंशी पकड़ने का दावा कर रही है। गोवंशी के इस प्रकार सड़क पर हिंसक होने की यह कोई पहली घटना नहीं है।

पिछले पांच साल में 20 से ज्यादा लोग गोवंशी के हमलों में गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। इतना ही नहीं शहर के ठठेरा चौक पर एक सांड के हमले में फोटोग्राफर डाली की मौत भी हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *