नीलोखेड़ी/करनाल, 04 जुलाई – पंचायती राज विभाग, हरियाणा द्वारा राज्य पंचायत संसाधन केंद्र, नीलोखेड़ी में आयोजित चार दिवसीय महिला जनप्रतिनिधि प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को सफल समापन हुआ। इस प्रशिक्षण का प्राथमिक उद्देश्य महिला प्रतिनिधियों को पंचायत कार्यप्रणाली, प्रभावी संचार कौशल और ग्राम सभा की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन की शुरुआत सुबह  सरोज सैनी द्वारा गत दिवस की पुनरावृत्ति और ऊर्जावान गतिविधियों के साथ हुई, जिसने प्रतिभागियों में नया जोश भर दिया। कार्यक्रम के प्रातःकालीन सत्र में प्रतिभागियों ने पूर्व में सीखे गए विषयों का गहन अभ्यास किया। इसमें विशेष रूप से ग्राम सभा की प्रक्रियाएं एवं कार्यविधियां और मौखिक एवं हाव-भाव से जुड़ा संवाद कौशल (Verbal & Non-verbal Communication) शामिल थे। नेहा और कविता ने संवादात्मक विधियों के माध्यम से इन विषयों को और अधिक सुलभ बनाया।
दोपहर तक मुख्य सभागार में एक सामूहिक चर्चा और फीडबैक सत्र आयोजित किया गया, जहाँ प्रतिभागियों ने अपने अनुभवों को साझा किया। इस सत्र का कुशल संचालन नीलम कुमारी द्वारा किया गया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न शैक्षणिक उपकरणों और तकनीकों के प्रयोग पर चर्चा की। प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान उनके संदेहों को स्पष्ट किया गया, और कुछ चयनित प्रतिभागियों और प्रशिक्षकों ने व्यावहारिक प्रस्तुतियाँ भी दीं, जिनसे उनके आत्मविश्वास का प्रदर्शन हुआ। इस सत्र का एक विशेष आकर्षण EWR थीम सॉन्ग का सामूहिक गायन रहा, जिसने सभी को एक साथ बांध दिया।
 समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर नव नियुक्त निदेशक महोदय भी उपस्थित रहे और उन्होंने सभी महिला प्रतिनिधियों के योगदान और सीखने की तीव्र इच्छा की सराहना की। समापन सत्र में नीलम चिकारा ने कहा कि इस “ऐसे प्रशिक्षण समय-समय पर होते रहने चाहिए ताकि महिला प्रतिनिधियों को सशक्त एवं जागरूक बनाया जा सके।”
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला प्रतिनिधियों में संवाद, नेतृत्व और ग्राम सभा प्रक्रियाओं की बेहतर समझ विकसित करने में अत्यधिक सफल रहा। समूह चर्चाओं, व्यावहारिक अभ्यासों और प्रस्तुतियों के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान को मजबूती मिली, जिससे प्रतिभागियों में उल्लेखनीय आत्मविश्वास और ऊर्जा का संचार हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *