(फतेहाबाद)। बुधवार सुबह शहर के वार्ड 13 निवासी 70 वर्षीय वृद्ध हरविंद्र सिंह उस समय मुख्य नहर में गिर गया जब वह दवा लेने के लिए छोटे पुल से गुजर रहा था। जानकारी के अनुसार अचानक उसे चक्कर आ गया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नहर में जा गिरा।

घटना के समय वृद्ध बेहोशी की हालत में करीब दो किलोमीटर तक पानी में बहता रहा। इसी दौरान फतेहाबाद रोड स्थित मुख्य सुखचैन नहर पुल से कुछ दूरी पर नहा रहे बच्चों की नजर पानी में बहते वृद्ध पर पड़ी। बच्चों ने तुरंत शोर मचाया।

आवाज सुनकर नजदीक स्थित एक घर से दो युवकों ने तत्परता दिखाते हुए नहर में छलांग लगा दी और वृद्ध को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवकों ने मौके पर ही प्राथमिक सहायता दी और पेट से पानी निकालने का प्रयास किया।

इसके बाद तुरंत 112 सहायता टीम और एंबुलेंस की मदद से वृद्ध को नागरिक अस्पताल रतिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। परिजनों के अनुसार वृद्ध सुबह निजी अस्पताल में दवा लेने निकला था और संभवत चक्कर आने से छोटे पुल से नहर में गिर गया।

स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों की बहादुरी की सराहना की और कहा कि उनकी तत्परता से एक वृद्ध की जान बच गई। प्रशासन की ओर से भी युवाओं की हिम्मत को लेकर प्रशंसा जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *