करनाल, 2 जुलाई। उपायुक्त उत्तम सिंह के अनुसार बारिश के सीजन में देहात व शहरी क्षेत्रों में जल भराव की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।
आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंस में उपायुक्त ने बताया कि जिला में जलभराव के कारण लोगों को कोई परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से चाक-चौबंद है। उन्होंने बताया कि जिला में सिंचाई विभाग द्वारा 63 ड्रेन की सफाई कराई जा चुकी है। इसके अलावा 110 पंप और 8 पावर हाउस चालू हालत में हैं। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की पहले ही स्थापना की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि जिला के शहरी क्षेत्रों में 118 किमी लंबी ड्रेन में से 113 किमी की सफाई कराई जा चुकी है। 22 पंप चालू हालत में हैं।  जहां तक करनाल शहरी क्षेत्र की बात है 66 किमी में से 55 किमी लंबी ड्रेन की सफाई कराई जा चुकी है। बाकी आठ किमी की इसी सप्ताह के भीतर सफाई करा दी जाएगी। तेरह पोर्टेबल पंपों की व्यवस्था की गई है। जरूरत अनुसार इन्हें एक से दूसरे स्थान पर ले जाया जा सकता है। पानी निकासी स्थल के लिए दस डीजल जनरेटर सेट उपलब्ध हैं। दो जेटिंग मशीन व दो सक्शन-कम-जेटिंग मशीन और एक सुपर सकर मशीन की व्यवस्था की जा चुकी है।
इस अवसर पर एसपी गंगाराम पूनिया, सीटीएम मोनिका, डीआरओ मनीष, एसई संजय राहर, राजेश कुमार, कार्यकारी अभियंता नीरज भारद्वाज, एसडीओ यशवीर सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *