करनाल, 2 जुलाई। खेल उपनिदेशक राकेश पांडे ने बताया कि राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का आयोजन महिला एवं पुरूष वर्ग ओपन कैटेगरी 26 खेलों में कराया जाना है। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों का चयन 4 व 5 जुलाई को प्रात: 9 बजे से सांय 5 बजे तक ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाडिय़ों को आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र या शिक्षण संस्थान का प्रमाण पत्र व दो फोटो लाना अनिवार्य है। खिलाड़ी का स्थानीय निवास प्रमाण पत्र अथवा शिक्षण संस्थान में दाखिला होना अनिवार्य है। इसके अलावा खेल विभाग के नियमानुसार जो खिलाड़ी खेल उपलब्धि के आधार पर सरकारी पद पर कार्यरत हैं, वे इस खेल महाकुंभ प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकते।
यहां लिए जाएंगे ट्रायल
खेल उपनिदेशक राकेश पांडे ने बताया कि जिमनास्टिक, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, स्विमिंग, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, वेट लिफ्टिंग, बास्केटबॉल, कबड्डी, तायक्वांडो, रेसलिंग, फेंसिंग व बैडमिंटन खेलों का ट्रायल स्थानीय कर्ण स्टेडियम में, जूडो के लिए ट्रायल एम. डी. स्कूल बल्ला, हॉकी के लिए ट्रायल हॉकी स्टेडियम कैलाश, हैंडबॉल के लिए ट्रायल वीपीओ ऊंचा समाना, आर्चरी के लिए ट्रायल आरजीकेपी पुंडरक, कायकिंग व केनोइंग, सलालम, ड्रेगन व रोइंग खेलों के लिए ट्रायल परमवीर स्पोर्ट्स एकेडमी मूनक, शूटिंग के लिए ट्रायल कोशकी शूटिंग रेंज कर्ण विहार तथा क्रिकेट के लिए खिलाडिय़ों का ट्रायल सैक्टर-9 स्थित क्रिकेट ग्राउंड में 4 जुलाई को प्रात: 9 बजे से सांय 5 बजे तक लिया जाएगा।
इसी प्रकार से फुटबॉल, लॉन टेनिस व खो-खो खेलों के लिए खिलाडिय़ों का चयन कर्ण स्टेडियम में, नेटबॉल के लिए खिलाडिय़ों का ट्रायल करनाल इंटरनेशनल स्कूल गांव सुभरी में प्रात: 9 बजे से सांय 5 बजे तक तथा साइकिलिंग के लिए ट्रायल एनडीआरआई रोड पर प्रात: 6 बजे से 10 बजे तक 5 जुलाई को लिया जाएगा।
