पंजोखरा गांव में रात्रि ठहराव पर पहुंचे डीसी उत्तम सिंह, लोगों की समस्याओं का मौके पर किया समाधान
एसपी गंगाराम पूनिया व आला अधिकारी पहुंचे रात्रि ठहराव कार्यक्रम में
करनाल, 1 जुलाई।   
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों की अनुपालना में सोमवार को देर सांय करनाल के डीसी उत्तम सिंह रात्रि ठहराव के लिए इंद्री के गांव पंजोखरा में पहुंचे। यहां उन्होंने गांववासियों की समस्याओं को सुना और मौके पर निवारण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिन गांवों की ग्राम पंचायत के पास फंड है वहां लाइब्रेरी बनाने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए पूरे जिले के लिए एक यूनिफाइड मॉडल तैयार करवाया जा रहा है। इस मॉडल के तैयार हो जाने के पश्चात पहली लाइब्रेरी पंजोखरा गांव में बनाई जाएगी। इस दौरान एसपी गंगाराम पूनिया, एडीसी सोनू भट्ट व एसडीएम अशोक मुंजाल भी मौजूद रहे।
रात्रि ठहराव के दौरान सरपंच दीपक कुमार ने डीसी उत्तम सिंह व एडीसी सोनू भट्ट का स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने बारी-बारी से गांववासियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याएं रखी गईं। इनमें से कुछ समस्याओं का निवारण मौके पर किया गया जबकि कुछ समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही करने के लिए दिया गया।
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि इस गांव के स्कूल को नियम के तहत अपग्रेड करवाने का प्रयास किया जाएगा ताकि गांव व आसपास के बच्चे इसका फायदा उठा सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि गांव को नशे से दूर रखना है। नशा मुक्त गांव होगा तो युवा आगे बढ़ेंगे। उन्होंने छात्रों को ज्यादा से ज्यादा पढऩे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव के लोग आगे बढक़र अपने गांव की तरक्की में सहयोग करें।
रात्रि प्रवास कार्यक्रम के दौरान गांववासियों ने जिम बनाने की मांग रखी। इस पर डीसी उत्तम सिंह ने बीडीपीओ को जल्द से जल्द फिजिबिलिटी चेक करके कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम आमजन की समस्याओं को उनके घर द्वार पर जाकर सुनने व उनके प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम है। इस कार्यक्रम में गांव से संबंधित जो भी समस्याएं सामने आई हैं, उनका समाधान करवाया जाएगा। जिला प्रशासन जनता की सेवा के लिए हमेशा तैयार है।
डीसी ने नशा मुक्त गांव होने पर ग्रामीणों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमें अपनी आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाना है। कोई भी व्यक्ति यदि नशा बेचते हुए या करते हुए पाया जाता है तो भारत सरकार द्वारा संचालित मानस पोर्टल पर शिकायत कर सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों द्वारा सडक़ के निर्माण, गलियों के निर्माण, प्राइमरी स्कूल, गलियों में जलभराव की समस्या रखी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में खेल स्टेडियम, जिम व हेल्थ सेंटर बनाने की भी मांग रखी।
इस मौके डीडीपीओ संजय टांक, डीएसपी सतीश गौतम, नायब तहसीलदार गौरव, डीईओ सुदेश ठकराल, बीडीपीओ गुरमलख सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता महिंद्र सिंह पंजोखरा सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *