कुरुक्षेत्र, 30 जून। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के नए सत्र में दाखिले को लेकर चल रही प्रवेश परीक्षा में सोमवार को 90 फीसदी परीक्षार्थियों ने विभिन्न कोर्सेज को लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज की। सोमवार को एम.पी.एड व एमए. पर्यावरण अध्ययन कोर्स को लेकर प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया जिसमें 130 परीक्षार्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रवेश परीक्षा में कुल 145 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया जो कि प्रवेश पत्र एडमिशन पोर्टल से डाउनलोड कर परीक्षा में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि केयू कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के दिशा-निर्देशानुसार प्रवेश परीक्षा के लिए केयू कैम्पस के अंदर ही विभिन्न विभागों व संस्थानों को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है ताकि दूर-दराज से आने वाले परीक्षार्थियों व उनके स्वजनों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त परीक्षाओं की निष्पक्षता के लिए सभी केन्द्रों की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी केंद्रों पर अधीक्षकों व र्प्यवेक्षकों की तैनात की गई है। डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि विभिन्न कोर्सिज के अभ्यर्थियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए विश्वविद्यालय एडमिशन सेल में हैल्प डेस्क स्थापित किया गया है तथा संबंधित विभागों की ई-मेल आईडी व मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सुबह 10 बजे एम.पी.एड की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। इस परीक्षा में 95 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया जिसमें 93 विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। परीक्षा के लिए कम्युनिटी सेंटर को परीक्षा केन्द्र बनाया गया जबकि दोपहर सत्र में 12.30 बजे एम.ए. पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सम्पन्न हुई जिसमें 50 में से 37 परीक्षार्थियों की परीक्षा संचालित हुई। उन्होंने बताया कि ओ.एम.आर. आधारित शीट पर ही सभी परीक्षार्थियों से प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है जिसमें परीक्षा के तुरंत पश्चात सही उत्तर-कुंजी को वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है ताकि परीक्षार्थी अपने उत्तर का सही ढंग से मिलान कर सकें। उन्होंने बताया कि 23 जून से शुरू हुई इन प्रवेश परीक्षाओं में अभी तक किसी भी केन्द्र पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं पाई गई, सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए परीक्षाओं का सफल संचालन किया है।

फाइन आर्टस व एमए संगीत की प्रवेश परीक्षा आज

परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि मंगलवार को एम.ए. फाइन आर्टस व एम.ए संगीत की परीक्षा होगी। इस परीक्षा के लिए यूनिवर्सिटी कम्युनिटी सेंटर को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है जिसके लिए 113 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *