डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर अर्पित किए श्रद्धा सुमन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में हो रहा है समग्र विकास-डॉ. पवन सैनी पूर्व विधायक
नारायणगढ़, 24 जून। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। यह कार्यक्रम गांव हुसैनी, नंगोली, फतेहपुर, संभालवा, मियांपुर, झिड़ी वाला, बड़ी रसौर सहित अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण जनता को केंद्र सरकार तथा प्रदेश सरकार की नीतियों, योजनाओं तथा जनकल्याण के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों की जानकारी दी।
डॉ. पवन सैनी ने अपने संबोधन में बताया कि 2014 से लेकर अब तक पीएम नरेंद्र मोदी सरकार ने देश की राजनीति, प्रशासन, अर्थव्यवस्था, तकनीक, अंतरराष्ट्रीय संबंधों और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। गरीब कल्याण, पारदर्शिता, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और आत्मनिर्भर भारत जैसे बड़े संकल्पों को जमीन पर उतारकर भारत को एक नए युग में प्रवेश दिलाया है। उन्होंने यह भी बताया कि कैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, हर घर जल योजना, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने आमजन के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है।
हर गांव में डॉ. पवन सैनी ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और पार्टी संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को केवल एक विकसित देश की ओर अग्रसर ही नहीं किया, बल्कि भारतीय संस्कृति, सभ्यता और राष्ट्र की अस्मिता को वैश्विक मंच पर सशक्त रूप से प्रस्तुत किया है।
डॉ. पवन सैनी ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों ने ग्रामीण भारत को भी मुख्यधारा से जोड़ा है। गांवों में सडक़ें, बिजली, पानी, इंटरनेट, स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा के क्षेत्र में जो कार्य हुए हैं, वे अभूतपूर्व हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे डिजिटल इंडिया अभियान का हिस्सा बनें और देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में और अधिक आगे बढ़ाएं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में हो रहा है समग्र विकास
पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जहां एक ओर व्यापक स्तर पर विकास कार्य हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और राज्य को समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
इन कार्यक्रमों के दौरान डॉ. पवन सैनी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना बलिदान दिया। उनके विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति डॉ. मुखर्जी के सपनों की पूर्ति है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से संभव हुई।
हर गांव में आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, बूथ प्रमुख, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा सहित पार्टी के सभी सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।
डॉ. सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि सेवा करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को आत्मसात करते हुए कार्य किया है। यही कारण है कि आज देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विश्वास करती है और बार-बार उन्हें सेवा का अवसर देती है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार और भाजपा के नेता सदैव जनता के साथ खड़े हैं। डॉ. सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्वपटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई है और भारत ने जी-20 जैसे वैश्विक मंच की अध्यक्षता की है, विश्व के शक्तिशाली देशों के साथ भारत कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है, और आत्मनिर्भर भारत अभियान ने उद्योग, स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों के पीछे एक दूरदर्शी नेता, सशक्त नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है, और यही भारतीय जनता पार्टी की पहचान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *