कल्याण बोले मेरी पहली प्राथमिकता मौके पर हो लोगों की समस्याओं का समाधान
करनाल, 23 जून।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज घरौंडा में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में हलके के लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द निवारण के निर्देश दिए। इसके साथ-साथ कुछ समस्याओं का मौके पर भी समाधान किया।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सोमवार सुबह ढाई घंटे से अधिक समय तक लोगों की सामूहिक एवं व्यक्तिगत समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में लोग विभिन्न प्रकार की समस्याएं लेकर पहुंचे थे। विधानसभा अध्यक्ष ने हर समस्या को गंभीरता से सुना और उनके निपटारे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
घरौंडा के कुछ लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग से रेस्ट हाउस को जोड़ने वाले कट को चौड़ा करने की मांग की ताकि हादसे का अंदेशा खत्म हो। अनाज मंडी में किसानों और जनता के लिए शौचालय बनवाने की मांग भी विधानसभा अध्यक्ष के सम्मुख रखी गई। गांव वजीदा के लोगों ने सडक़ पर जमा होने वाले पानी की समस्या के समाधान के लिए पीडब्ल्यूडी की सडक़ के साथ नाला बनवाने, कम्युनिटी हाल बनवाने, पनौड़ी-जमालपुर सडक़ पर नाला बनवाने और अमृतपुर के सैनी मोहल्ले में कम्युनिटी सेंटर बनवाने की भी मांग की।
इसके अलावा लोगों ने कर्ण विहार गली नंबर 5 में बिजली की पुरानी तारों को बदलवाने की मांग रखी। इन तारों के कारण हर समय हादसे की आशंका रहती है। विकास नगर फूसगढ़ रोड गली नंबर 9 में बिजली की तारे डलवाने की भी मांग रखी गई। लोगों ने बताया कि इस समय पिछली गली से मकानों के ऊपर से तारें डालकर जैसे-तैसे काम चलाया जा रहा है।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि क्षेत्र वासियों की समस्याओं का समाधान करना, उनकी पहली प्राथमिकता है। जो भी व्यक्ति समस्या लेकर आता है, उनका पूरा प्रयास रहता है कि इनका समय पर समाधान करवाया जाए। क्षेत्र के बड़े प्रोजेक्ट, विकास कार्यों को लेकर वह स्वयं भी अधिकारियों से रिपोर्ट लेते हैं और निरंतर रिव्यू करते हैं।
इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी,   सीएमओ डा. पूनम चौधरी, मण्डल अध्यक्ष रोहित भंडारी, नगर पालिका चेयरमैन हैप्पी गुप्ता, नगर पालिका सचिव रवि प्रकास व पूर्व मण्डल अध्यक्ष सुभाष कश्यप के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *