चंडीगढ़। Haryana Sarkari Jobs 2025: हरियाणा में तृतीय श्रेणी पदों पर भर्ती के लिए जुलाई में सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) आयोजित (Haryana CET Exam 2025) करने की तैयारी है। सीईटी के लिए 13 लाख 48 हजार 697 युवाओं ने आवेदन किया है। इसे देखते हुए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने दो से तीन दिन की समय अवधि में परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने तृतीय और चतुर्थ श्रेणी पदों की भर्ती के लिए होने वाले सीईटी की तैयारियों की समीक्षा के लिए बृहस्पतिवार को सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की। एचएसएससी (HPSC) चेयरमैन हिम्मत सिंह के साथ बैठक ले रहे मुख्य सचिव ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुचारू और पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाए।
इसके साथ ही उपायुक्तों को अगले तीन दिन के भीतर अपने-अपने जिलों में उपयुक्त परीक्षा केंद्रों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा केंद्रों का चयन सुरक्षा, रसद, परिवहन पहुंच और उम्मीदवारों को समायोजित करने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।

उपायुक्त इन सभी केंद्रों का पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से निरीक्षण करवाएं। प्रस्तावित केंद्रों की सूची की एक विस्तृत रिपोर्ट सोमवार तक मुख्य सचिव कार्यालय और एचएसएससी चेयरमैन कार्यालय, दोनों को भेजी जानी चाहिए।

मुख्य सचिव ने भर्ती प्रक्रिया की शुचिता को बनाए रखने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की चूक या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एचएसएससी चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के चयन के संबंध में सभी उपायुक्तों के साथ एक विस्तृत एसओपी साझा की गई है। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग और परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव टीएल सत्यप्रकाश ने भी अहम सुझाव दिए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *