स्वच्छता पखवाड़े के तहत शिक्षण संस्थान को स्वच्छता मॉडल के रूप में विकसित करने पर हुई चर्चा

करनाल,14 जून। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत प्रदेश को स्वच्छ करने के मिशन पर निकले स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने शनिवार को डीएवी कॉलेज के प्रिंसिपल व चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ रामपाल सैनी से उनके कालेज कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों शिक्षा संस्थानों को स्वच्छता के एक मॉडल के रूप में विकसित करने पर विस्तार से चर्चा की।
वीसी डॉ रामपाल सैनी के साथ स्वच्छता पर चर्चा का मुख्य उद्देश्य शिक्षा परिसर और आस-पास के क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देना और छात्रों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करना था। इस चर्चा में उन्होंने छात्रों और कर्मचारियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करने और उन्हें स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने पर अपनी बात रखी। उन्होंने कॉलेज व विश्वविद्यालय के परिसर में कचरा न फैलाने, प्लास्टिक का उपयोग न करने और जल संरक्षण जैसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए समाज के नामचीन व्यक्तियों जैसे खिलाड़ी, लोक कलाकार, पूर्व सैनिक आदि का सहयोग लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्वच्छता न केवल एक व्यक्तिगत जिम्मेदारी है, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है जो स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण है।
वीसी डॉ रामपाल सैनी ने कहा कि उन्होंने ग्रीन कैंपस-क्लीन कैंपस योजना के तहत विभागों में साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा करने की योजना बनाई है। समीक्षा के आधार पर विभागों को रेटिंग दी जाएगी। इसके लिए एक कमेटी बनाई जाएगी जो इसे लेकर विभागों की ओर से किए गए प्रयास को रेटिंग देगी। बेहतर रेटिंग हासिल करने वाले विभाग पुरस्कृत किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रशासन ने परिसर को हरा-भरा करने के साथ ही सफाई को लेकर कार्य योजना तैयार की है, जिसके मुताबिक परिसर को प्लास्टिक-फ्री किया जाएगा। यह कमेटी परिसर का मुआयना करेगी। कैम्पस के गीले कचरे को एकत्र करके जैविक खाद में परिवर्तित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेरी सभी लोगों खासकर युवाओं से अपील है कि वह अपने देश व समाज को स्वच्छ व स्वस्थ बनाने के लिए काम करें तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएं।
स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने कहा कि लोग ना तो खुद गंदगी करें और ना किसी को करने दें तभी हमारा स्वच्छ भारत का सपना साकार हो पाएगा। प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूरे प्रदेश में स्वच्छता पखवाड़े की घोषणा की हुई है और सभी विभाग अपने कार्यालयों और परिसर को स्वच्छ रखें ताकि जनता को प्रेरणा मिल सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *