ब्रह्मसरोवर पर 15 जून को सुबह 6 बजे शुरू होगी योग मैराथन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि, हजारों की संख्या में लोग करेंगे मैराथन में शिरकत
कुरुक्षेत्र, 12 जून। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर 15 जून को होने वाली योग मैराथन के लिए प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। यह योग मैराथन ब्रह्मसरोवर दक्षिण द्वार से शुरू होकर पुरुषोत्तमपुरा बाग में सम्पन्न होगी। इस योग मैराथन को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी झंडी देकर रवाना करेंगे।
उपायुक्त नेहा सिंह वीरवार को देर सायं लघु सचिवालय उपायुक्त कार्यालय में योग मैराथन को  लेकर अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रही थी। इससे पहले उपायुक्त नेहा सिंह ने खेल विभाग, आयुष विभाग, पुलिस प्रशासन के साथ-साथ अन्य विभागों से 15 जून को सुबह 6 बजे ब्रह्मसरोवर पर होने वाली योग मैराथन की तैयारियों को लेकर फीडबैक ली और अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि ब्रह्मसरोवर के दक्षिण द्वार से शुरू होने वाली योग मैराथन के रूट श्री तिरुपति बाला जी मंदिर, बीआर इंटरनैशनल चौक, रेलवे रोड, सन्निहित सरोवर, अर्जुन चौक, ब्रह्मसरोवर के उत्तर द्वार से पुरुषोत्तमपुरा बाग तक सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि योग मैराथन में हजारों की संख्या में खिलाड़ी, संस्थाओं के प्रतिनिधि, योग साधक और आम नागरिक शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि मैराथन के रूट तक पीने के पानी की व्यवस्था, एंबुलेंस की व्यवस्था के साथ-साथ तमाम प्रबंध किए जाएंगे। सभी अधिकारी अपने विभागों से सम्बन्धित तैयारियां पूरी करेंगे। किसी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, एडीसी सोनू भट्ट, डीएसपी सुनील कुमार, खेल विभाग के उपनिदेशक राम मेहर सिंह, डीएसओ मनोज कुमार, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. सुदेश जाटियान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *