विधायक जगमोहन आनंद ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली, मेयर रेणु बाला गुप्ता रहीं मौजूद

करनाल, 9 जून।  करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने आज करनाल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में करनाल नगर निगम की मेयर रेणु बाला गुप्ता एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा, पूर्व कार्यकारी जिला अध्यक्ष बृज गुप्ता उपस्थित रहे। बैठक में विधायक जगमोहन आनंद ने नगर निगम अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए, ताकि जनता को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सकें।
विधायक ने कहा कि पार्षदों द्वारा सुझाए गए कार्यों की प्रगति की समय-समय पर जांच की जाए। पार्षदों के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए और उनके समाधान में किसी प्रकार की देरी न की जाए। सभी कार्य निरंतर चलते रहने चाहिए। इन विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी । उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में किसी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके चालान किए जाएं। इसके साथ ही निगम की जमीन पर किसी भी प्रकार का कब्जा न होने दिया जाए। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में फैले तारों के जाल का सर्वे करवा कर जल्द सुधार कार्य किया जाए। स्मार्ट सिटी परियोजना के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी स्ट्रीट लाइट्स को चालू कर दिया जाए।
जलभराव की समस्या पर सख्ती, 30 दिन में पशु डेयरियों को हटाने के निर्देश
विधायक जगमोहन आनंद ने बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि  कि शहर के किसी भी क्षेत्र में जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो। यदि कहीं जलभराव की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शहर में स्थित पशु डेयरियों को 30 दिनों के भीतर स्थानांतरित किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
समाधान शिविर लगाने के दिए निर्देश।
विधायक जगमोहन आनंद ने राम नगर क्षेत्र में मेयर रेनू बाला गुप्ता व नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा की अध्यक्षता में समाधान शिविर लगाने के निर्देश दिए, ताकि लाइनपार क्षेत्र वासियों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा सके।
विकास कार्यों में पार्षदों की निगरानी जरूरी:मेयर रेणु बाला गुप्ता
बैठक के दौरान नगर निगम की मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि वार्डों में कराए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण संबंधित पार्षदों द्वारा किया जाना चाहिए ताकि उन्हें अपने वार्ड की प्रगति और कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके। इससे कार्यों में पारदर्शिता बनी रहेगी और गुणवत्ता भी सुनिश्चित होगी।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने चल रहे कार्यो की दी जानकारी
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि शहर की सभी ड्रेनों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसे 15 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही, सडक़ों को गड्ढा मुक्त बनाने का कार्य भी प्रगति पर है। इसके अलावा शहर में नालों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई भी नियमित रूप से की जा रही है। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी  उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *