पानीपत। शहर के प्रतिष्ठित मिट्ठन स्वीट्स के कैशियर विजय गोयल को सोमवार सुबह कॉल करके 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। कॉल करने वाले ने कहा कि धमकी को हल्के में नहीं लेना, गोली मार देंगे। 

मिट्ठन स्वीट्स संचालक ने इसकी शिकायत सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को दी। एसपी भूपेंद्र सिंह ने मामले की जांच क्राइम इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (सीआइए-टू) को सौंपी गई है। सीआइए-टू ने मोबाइल नंबर ट्रेस कर रंगदारी मांगने के आरोपितों को 12 घंटे के अंदर स्काईलार्क रिसोर्ट के पास से गिरफ्तार किया। 

आरोपितों की पहचान तहसील कैंप के सुभाष नगर निवासी दीपक व जिला कैथल के गांव पाई भाना हाल इंद्रा विहार कालोनी निवासी बजरंग उर्फ पवित्र के रूप में हुई है। कॉल करने वाला आरोपित दीपक कैशियर विजय गोयल का पड़ोसी है। आरोपित दीपक ने ही यह साजिश रची थी। 

आरोपितों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उन्हें पता था कि विजय गोयल आर्थिक रूप से समृद्ध है। इसलिए उन्होंने शार्टकट से पैसे कमाने के लिए रंगदारी मांगने की प्लानिंग की थी। इन्हें मंगलवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। 

वृंदा एन्क्लेव निवासी विजय गोयल ने सोमवार को सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मिट्ठन स्वीट्स में हेड कैशियर है। सीआइए-2, पानीपत के प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपितों की पहचान की। आरोपितों को स्काईलार्क के पास से पकड़ा है। इन्होंने पूछताछ में रंगदारी मांगने की वारदात को स्वीकार किया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *