अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को कुरुक्षेत्र में एक लाख से ज्यादा साधक एक साथ योग करके बनाएंगे नया कीर्तिमान,डीसी नेहा सिंह व पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कई स्थानों का किया निरीक्षण
कुरुक्षेत्र, 1 जून।       योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि कुरुक्षेत्र की धारा से योग धर्म अब युग धर्म बनेगा। इस पावन धरा कुरुक्षेत्र में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस धर्म क्षेत्र से योग धर्म की शुरुआत हुई थी, और अब 11वें वर्ष में कुरुक्षेत्र से ही योग धर्म को युग धर्म बनाने का संकल्प लेते हुए एक लाख से ज्यादा योग साधक हिस्सा लेकर योग के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। हरियाणा प्रदेश में 10 लाख से ज्यादा व्यक्ति इस दिन अलग- अलग योग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
योग गुरु स्वामी रामदेव रविवार को कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले योग गुरु रामदेव ने करीब 2 घंटे तक योग साधकों के साथ योग किया। इसके उपरांत कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कुरुक्षेत्र के सभागार में अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव को लेकर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भी हिस्सा लिया।
योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि पूरी दुनिया में संदेश गया है कि भारत योग व अध्यात्म की धारा है और सनातन का महातीर्थ है। देश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह खुद योगी है। इतना ही नहीं हमारे देश के 99 प्रतिशत मुख्यमंत्री, विधायिका, न्यायपालिका, कार्यपालिका, गांव, गरीब, मजदूर से लेकर कृषि, उद्योग और कर्मचारी योग को अपना रहे हैं क्योंकि योग से जीवनशैली अच्छी बनती है। जब जीवनशैली में योग शामिल हो जाता है तब लाइफ स्टाइल डिजीज जैसे बीपी, शुगर, थायराइड, अस्थमा, लिवर, किडनी की समस्याएं दूर हो जाती है। अब तो कैंसर जैसी बीमारियां भी कॉमन होने लगी हैं। योग सब रोगों से हमारी रक्षा करता है और हमें बीमारियों और बुराइयों से बचकर रखता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के है ऊंचे विचार
योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद नायाब हैं, उनके ऊंचे विचार हैं और वह अपनी जीवनशैली में योग को शामिल रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इस छवि के चलते हरियाणा प्रदेश से यह महा अनुष्ठान, महायज्ञ और महाक्रांति शुरू की जा रही है। योग के क्षेत्र में पूरा विश्व भारत का अनुसरण कर रहा है। पूरे संसार को योग की जरूरत है और हरियाणा प्रदेश का पूरे विश्व में अलग-अलग क्षेत्र में पहले भी डंका बजा हुआ है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को हमारे पूर्वजों ने योग का दान दिया है, जो पूरी दुनिया के कल्याण का कार्य कर रहा है। ऐसे में सभी को योग के इस महायज्ञ में सहयोग करना चाहिए, क्योंकि यह योग का समय है। जब व्यक्ति योग तत्व से अपनी आत्मा को सर्वोत्तर देखेगा तो वह किसी से भी द्वेष नहीं करेगा।
तनाव का समाधान केवल मात्र योग है
योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि मनुष्य को फिजिकल, मेंटल, इमोशनल, सोशल, पॉलीटिकल सहित कई प्रकार का तनाव रहता है। इसका समाधान केवल मात्र योग है। योग में व्यक्ति व्यायाम, प्राणायाम, आसन और ध्यान करते हैं, आत्म अनुसरण सीखते हैं। इस योगानुशासन से योग आरंभ होता है और योग में सभी सुखों का कौशल सम्मिलित है। उन्होंने कहा कि योग धर्म मानव धर्म को राष्ट्र धर्म और युग धर्म से जोड़ता है।
उपायुक्त नेहा सिंह व पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
उपायुक्त नेहा सिंह ने पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी को शुरू कर दिया है। इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। कार्यक्रम में एक लाख से ज्यादा साधकों के  योग करने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही प्रदेश पर से आने वाले योग साधकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा इस कार्यक्रम को सफल बनाने में धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं को भी जोड़ा जाएगा।
इस मौके पर हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य, जिला शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा, मुख्य केंद्रीय प्रभारी राकेश मित्तल, स्वामी परमार्थ देव, महिला पतंजलि योग समिति की मुखिया साध्वी देवप्रिया, प्रवक्ता एसके तिजारावाला, पदम सेन, डॉक्टर संदीप गुप्ता, मैडम अमर रावीश, राममेहर शास्त्री सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *