डीसी व एसपी ने सीधा संवाद कर ग्रामीणों की सार्वजनिक व व्यक्तिगत शिकायतों की सुनवाई की।
हरियाणा सरकार हर आमजन को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के साथ ही आमजन की समस्याओं व शिकायतों का निवारण करने के लिए सक्रिय है। जिला प्रशासन के माध्यम से समाधान शिविर के साथ ही रात्रि ठहराव कार्यक्रम जन सेवा की दिशा में कारगर साबित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार ग्रामीणों की शिकायतों को उनके घर द्वार पर निपटाने के लिए बीती सांय जिला प्रशासन द्वारा गांव बोडिया कमालपुर के पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
डीसी अभिषेक मीणा व एसपी हेमेंद्र मीणा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी सार्वजनिक व व्यक्तिगत समस्याएं सुनी और उनका मौके पर समाधान किया। साथ ही गांव के प्रतिभावान विद्यार्थियों को डीसी व एसपी ने सम्मानित करते हुए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर एसडीएम रेवाड़ी सुरेंद्र सिंह, डीडीपीओ नरेंद्र सारवान, डीईओ सुभाष चंद, बीडीपीओ कविता, डीएसपी जोगेंद्र शर्मा, बिजली निगम के एक्सईएन कुलदीप नेहरा,सिविल सर्जन डॉ. नरेंद्र दहिया, तहसीलदार श्रीनिवास, नायब तहसीलदार श्याम लाल, प्राचार्य डॉ. हरिप्रकाश यादव व सरपंच नेहा सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से रूबरू होते हुए डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि हरियाणा सरकार जनसेवा को समर्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर के साथ ही लोगों के घर द्वार उनकी जनसुनवाई करने के उद्देश्य से रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत प्रशासन गांव में पहुंच रहा है। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन हर समय नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक की किसी भी विभाग से संबंधित यदि कोई समस्या है तो वह बिना किसी देरी के प्रशासन के समक्ष रात्रि ठहराव कार्यक्रम में रख सकते हैं और उनका समयबद्ध ढंग से समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे गांव के विकास में अपना योगदान दें। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीसी मीणा ने कहा कि जरूरतमंद पात्र लोगों के कल्याण के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाएं हैं, जिनका लाभ जरूरतमंद लोगों को लेना चाहिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा रात्रि ठहराव कार्यकम के माध्यम से प्रशासन आमजन तक सीधा संवाद करते हुए लोगों की शिकायतों का निदान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को सरकार की सेवाओं व योजनाओं का लाभ प्रदत्त करते हुए लाभान्वित किया जा रहा है। शासन-प्रशासन की पहुंच आमजन तक सीधे हो इसी सोच के साथ जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि ठहराव का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के दिशा निर्देशन में आयोजित किए जा रहे यह रात्रि ठहराव कार्यक्रम आम जनमानस के लिए कारगर साबित हो रहे हैं। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ग्रामवासियों की सभी समस्याओं का उचित समाधान करवाया जाएगा तथा ग्राम पंचायत की विकास कार्यों से संबंधित सभी मांगों को यथासंभव पूरा करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान एसपी हेमेन्द्र मीणा ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि युवाओं में बढ़ती ड्रग्स की प्रवृत्ति को हर हाल में रोकना है। इसके लिए प्रशासन और आमजन को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि यदि गांव में किसी व्यक्ति द्वारा ड्रग्स बेचे जाने की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस या जिला प्रशासन को दें ताकि समय रहते उस पर ठोस कार्रवाई की जा सके। उन्होंने गांव में भाईचारा बनाए रखने की अपील की। ग्राम पंचायत की ओर से पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा डीसी अभिषेक मीणा व एसपी हेमेन्द्र मीणा का स्वागत करते हुए विकास कार्यों से संबंधित मांगों की जानकारी दी। डीसी अभिषेक मीणा व एसपी हेमेंद्र मीणा ने रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *