पार्षद चाहे किसी वार्ड का हो, मगर उसपर जिम्मेदारी सारे शहर की है और आपने अपने शहर की श्रेष्ठ सेवा करनी है : कैबिनेट मंत्री अनिल विज
बरसातों से पहले युद्ध स्तर पर मुख्य नालों व नालियों में सफाई कराई जाए : मंत्री अनिल विज
जगाधरी रोड पर अलग-अलग प्वाइंटस पर लगाई जाए ट्रेफिक लाइट्स : अनिल विज
खाली प्लाट मालिकों को अपने प्लाट की करानी होगी चार दीवारी : विज
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने आज शाम नप पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों व नप अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की

अम्बाला/चंडीगढ़, 29 मई
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी का सर्वांगीण विकास हो इसकी जिम्मेदारी पार्षदों की है तथा लोगों को आपसे बहुत उम्मीदें हैं। पार्षद चाहे किसी वार्ड का हो, मगर उसपर जिम्मेदारी सारे शहर की है और आपने अपने शहर की श्रेष्ठ सेवा करनी है।
श्री विज आज शाम अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में नगर परिषद अम्बाला सदर के भाजपा पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों एवं अधिकारियों की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक के दौरान नगर परिषद द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा पार्षद शहर में सफाई व्यवस्था पर पूरा फोकस करें। जहां-जहां पर सफाई करानी है उस संबंध में नगर परिषद के साथ मिलकर किए जाए। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता ऐप के जरिए जहां-जहां से भी शिकायत मिले उसका दो घंटे के भीतर समाधान किया जाए तथा स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायतों का हल ऐप के जरिए किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में जो भी व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर आए उस शिकायत पत्र को कंप्यूटर पर अपडेट किया जाए ताकि शिकायतकर्ता को शिकायत की स्थिति का पता चल सके।

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बरसातों से पहले युद्ध स्तर पर मुख्य नालों व नालियों में सफाई चलाने के निर्देश दिए
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि बरसातों का सीजन अब नजदीक आ गया है इसलिए अम्बाला छावनी के मुख्य नालों व नालियों में सफाई का काम युद्ध स्तर पर किया जाए। मशीनों के जरिए स्ट्रॉम वॉटर पाइप लाइनों में सफाई की जाए साथ ही नालियों से गाद व अन्य कार्य पूरे किए जाए। उन्होंने कहा जरूरत पड़ने पर सफाई कर्मियों की संख्या में बढ़ाया जाए ताकि बरसातों से पहले नालों में सफाई के कार्य को पूरा किया जा सके। बैठक में पार्षदों ने गोबर की वजह से नालियों में सफाई कार्य प्रभावित होने की शिकायत की जिस पर मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के कार्य की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को तय नियमों के अनुसार कूड़ा गली-मोहल्लों व घरों से उठाने के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई के कार्य में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जगाधरी रोड पर अलग-अलग प्वाइंट पर लगाई जाए ट्रैफिक लाइट्स : मंत्री अनिल विज
बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने जगाधरी रोड पर ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए टांगरी बांध चौक पर ट्रैफिक लाइट लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने लालकुर्ती से स्टेडियम रोड पर जगाधरी रोड प्वाइंट पर तथा जीटी रोड टी-प्वाइंट पर भी ट्रैफिक लाइट लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जगाधरी रोड पर सौंदर्यीकरण करने के लिए नियमित तौर पर पौधों का रख-रखाव किया जाए तथा सुंदर किस्म के पौधे लगाए जाएं। उन्होंने जगाधरी रोड पर फेंसी लाइटों को इंडस्ट्री एरिया तक लगाने के निर्देश दिए। नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि टांगारी बांध तक फेंसी लाइटें लगा दी गई है जबकि आगे भी जल्द लाइटें लगाई जाएंगी।

खाली प्लाट की करानी होगी चार दीवारी

बैठक के दौरान पार्षदों ने गली-मोहल्लों में खाली प्लाटों में गंदगी व जलभराव की शिकायत की जिसपर मंत्री अनिल विज ने नप अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाली प्लाट मालिकों को चार दीवारी कराने के लिए कहा जाए और जो चार दीवारी नहीं करता उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए।

धर्मशालाओं के प्रबंधन के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बैठक में कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने सवा सौ से भी ज्यादा धर्मशालाएं बनवाई है और अब इन धर्मशालाओं का प्रबंधन बेहतर तरीके से होना चाहिए जिससे नगर परिषद की आय भी बढ़ सके। उन्होंने नप अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्डों में अलग-अलग स्थानों पर स्थित सभी धर्मशालाओं की कमेटियां बनाई जाए जिनमें स्थानीय पार्षदों व अन्य प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए। इन धर्मशालाओं को इस्तेमाल करने के लिए बुकिंग नगर परिषद के माध्यम से होनी चाहिए जिससे आय में भी इजाफा होगा।

मंत्री अनिल विज ने सार्वजनिक शौचालयों में सफाई के निर्देश दिए
अम्बाला छावनी में अलग-अलग स्थानों पर स्थित सार्वजनिक शौचालयों में सफाई के भी निर्देश बैठक के दौरान मंत्री अनिल विज ने दिए। उन्होंने कहा कि सफाई के लिए प्राइवेट एजेंसी को हॉयर किया जाए जिससे इनका रखरखाव व सफाई बेहतर होगी।
वहीं, बैठक में अन्य कई मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर एसडीएम विनेश कुमार, नगर परिषद ईओ देवेंद्र, नगर परिषद प्रधान स्वर्ण कौर, उपप्रधान ललता प्रसाद के अलावा भाजपा नेता राजीव डिम्पल, किरणपाल चौहान, विजेंद्र चौहान, संजीव सोनी, रामबाबू यादव, विकास बहगल, रवि बुद्धिराजा, प्रवेश शर्मा सहित कई भाजपा नेता व भाजपा पार्षद मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *