पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला के सकेतड़ी में किराये पर रहने वाले परिवार द्वारा सामूहिक आत्महत्या का राज कॉल डिटेल से खुलेगा। पिछले दो महीने की कॉल डिटेल पुलिस खंगाल रही है। 

इन दिनों में जिन फाइनेंसरों ने मृतक प्रवीण मित्तल को फोन किया और उनकी क्या बात हुई, उसके बारे में पूछताछ होगी। पुलिस को यदि किसी फाइनेंसर पर संदेह हुआ, तो उसको हिरासत में भी लिया जा सकता है। 

साथ ही जिन बैंकों ने प्रवीण मित्तल से लोन की राशि लेनी थी, उनके द्वारा भेजे गए नोटिसों की भी पुलिस जांच में जुट गई है। सामूहिक आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस की प्राथमिक जांच में भले ही कर्ज के कारण आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है, मगर पुलिस अभी भी कई एंगल से जांच कर रही है।

जांच के लिए पांच टीम बनाई गई हैं। एक टीम को देहरादून भेजा गया है, तो दूसरी को साइबर से जुड़ी जांच में लगाया गया है। पुलिस भी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रवीण मित्तल के जीवन में ऐसा क्या चल रहा था कि उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया। या फिर किसी ने उसे ऐसा करने के लिए मजबूर कर दिया। 

हालांकि, पुलिस विभाग की ओर से कोई भी अधिकारी इस मामले में अभी खुलकर कुछ भी बता नहीं रहा है। मूल रूप से हिसार के बरवाला खंड स्थित गांव खरक पूनिया निवासी प्रवीण मित्तल सकेतड़ी में किराये के मकान में रह रहा था। सोमवार को उसने अपनी पत्नी, माता-पिता और तीन बच्चों के साथ कथित आत्महत्या कर ली। 

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *