चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी में संघर्ष और इंतजार के दिन काट रहे पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई अब नये सिरे से अपनी टीम को एकजुट करने का काम करेंगे। कुलदीप बिश्नोई राज्य भर में चाय और जलपान कार्यक्रम आरंभ करने वाले हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कुलदीप जहां अपने समर्थकों की निराशा दूर करेंगे, वहीं भाजपा में सम्मान दिए जाने का दबाव बनाते नजर आ सकते हैं। 

साल 2024 के चुनाव में कुलदीप बिश्नोई अपने बेटे भव्य बिश्नोई को आदमपुर विधानसभा सीट से चुनाव नहीं जिता सके थे, लेकिन अपने बेहद करीबी रणधीर पनिहार को नलवा विधानसभा सीट से विधायक बनाने में जरूर कामयाब हो गए थे। 

राज्यसभा जाने की थी उम्मीद

राजस्थान और हरियाणा के चुनाव में डटकर काम करने वाले कुलदीप बिश्नोई को उम्मीद थी कि भाजपा उन्हें राज्यसभा में भेजकर केंद्रीय मंत्री बनाएगी, लेकिन पार्टी ने उन्हें न तो राज्यसभा सदस्य बनाया और न ही संगठन में किसी महत्वपूर्ण पद पर जिम्मेदारी सौंपी।
किरण चौधरी के लिए सोने पर सुहागा यह हुआ कि उनकी बेटी श्रुति चौधरी न केवल तोशाम विधानसभा सीट से चुनाव जीती, बल्कि भाजपा ने उन्हें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री तक बना दिया।

 

आदमपुर से बेटे भव्य बिश्नोई की हार के बाद कुलदीप को लग रहा था कि पार्टी उन्हें राज्यसभा में भेजकर सम्मान दे सकती है, लेकिन भाजपा में कुलदीप के विरोधियों के चलते ऐसा नहीं हो पाया। हालांकि, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का कुलदीप और भव्य दोनों पर हमेशा आशीर्वाद बना रहा है।

 

करीब सात माह के लंबे वनवास के बाद कुलदीप बिश्नोई ने अब फिर से अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने का निर्णय लिया है। कुलदीप और भव्य ने पिछले सप्ताह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ से नई दिल्ली में मुलाकात कर न केवल उनका आशीर्वाद प्राप्त किया, बल्कि समर्थकों के चाय व जलपान के कार्यक्रम आरंभ करने की अनुमति प्राप्त की है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *