चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की बैठक में पंजाब से अपने हिस्से का पानी हासिल करने के लिए पंजाब सरकार पर दबाव बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में तय हुआ कि यदि पंजाब ने हरियाणा को उसके हिस्से का पानी नहीं दिया तो 25 मई से पंजाब के किसी भी सरकारी वाहन को हरियाणा-पंजाब की सीमा से नहीं गुजरने दिया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो पंजाब के हर वाहन को हरियाणा में घुसने से रोका जाएगा। 

इनेलो की बैठक के बाद मीडिया को फैसले की जानकारी देते हुए पार्टी प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने हिस्से का पानी लेने में असमर्थ साबित हो रही है। हरियाणा में भाजपा की कमजोर सरकार है। हरियाणा सरकार यह तो कहती है कि पंजाब से अपने हिस्से का पानी लेकर रहेंगे, लेकिन प्रदेश की जनता के हित में कदम कुछ नहीं उठा रही है। 

‘हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ सकता इनेलो’

अभय सिंह ने कहा कि देवीलाल ने एक लड़ाई लड़ी, तब हमें हरियाणा प्रदेश मिला। उस समय पानी का बंटवारा भी हुआ था। पंजाब के मुख्यमंत्री ने वाहवाही लेने के लिए हमारा पानी कम कर दिया है। राष्ट्रीय पार्टियां हरियाणा में दोहरी राजनीति करती हैं। इनके बयान पंजाब में अलग और हरियाणा में अलग होते हैं।
पंजाब के वाहनों का हरियाणा में आवागमन लगा रहता है। जब पंजाब सरकार हमारा पानी रोक सकती है तो हम उनके वाहन रोक सकते हैं। अगर प्रदेश के लोग पानी की कमी से परेशान होंगे तो इनेलो हाथ पर हाथ रख कर नहीं बैठ सकता। 

राज्यपाल से मिलेगा इनेलो

इनेलो प्रमुख ने कहा कि हम राज्यपाल से मिलेंगे और उनके सामने यह मांग उठाएंगे कि वे सरकार पर दबाव बनाएं और हरियाणा को पानी दिलाएं। अगर 25 मई तक पानी नहीं मिला तो हम हरियाणा-पंजाब के जितने भी बॉर्डर हैं, वहां से पंजाब के किसी भी सरकारी वाहन को गुजरने नहीं देंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *