शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, यानी सोमवार (26 दिसंबर) को तेजी देखने को मिली। लगातार 4 दिन की गिरावट के बाद बाजार में यह तेजी आई है। सेंसेक्स 721 अंक बढ़कर 60,566 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी 207 अंक की बढ़त के साथ 18,014 के स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयरों में तेजी रही। वहीं सिर्फ 6 शेयरों में गिरावट रही।

SBI-इंडसइंड बैंक टॉप गेनर
SBI, इंडसइंड बैंक, हिंडाल्को, कोल इंडिया, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक समेत निफ्टी के 40 शेयरों में तेजी रही। वहीं सिप्ला, डिविस लैब, डॉ रेड्‌डी, नेस्ले इंडिया, कोटक बैंक, अपोलो हॉस्पिटल समेत निफ्टी के 10 शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
PSU बैंक सेक्टर में 7.29% की तेजी
NSE के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 10 में तेजी देखने को मिली। PSU बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा 7.29% की तेजी रही। बैंक, मीडिया, मेटल, प्राइवेट बैंक और रियल्टी सेक्टर में 2% से ज्यादा की तेजी आई। ऑटो और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में 1% से ज्यादा की बढ़त रही। FMCG और IT सेक्टर में भी मामूली तेजी देखने को मिली। सिर्फ फार्मा सेक्टर में गिरावट रही।

निवेशकों की वेल्थ 5.79 लाख करोड़ बढ़ी
BSE में लिस्टेड सभी कंपनियों का मार्केट कैप 5.79 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 277.91 लाख करोड़ रुपए हो गया। शुक्रवार को ये 8.43 लाख करोड़ रुपए घटकर 272.12 लाख करोड़ पर आ गया था। 14 दिसंबर को ये 291.25 लाख करोड़ था।

कोरोना के डर से बीते हफ्ते टूटा था बाजार
कोरोना के डर से बीते हफ्ते बाजार काफी टूटा था। सेंसेक्स पिछले 5 कारोबारी दिन में 1,636 अंक यानी 2.66% गिरा। वहीं निफ्टी में 472.65 अंक यानी 2.59% की गिरावट रही थी। शुक्रवार (23 दिसंबर) को सेंसेक्स 980 अंक टूटकर 59,845 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी 320 अंक गिरकर 17,806 के स्तर पर आ गया था।

सोने में तेजी-चांदी में गिरावट, रुपया मजबूत
सोने की बात करें तो सर्राफा बाजार में इसकी कीमतों में भी आज तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक 24 कैरेट सोना आज 20 रुपए महंगा होकर 54,386 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं चांदी की बात करें तो ये 69 रुपए सस्ती होकर 67,753 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। आज रुपया डॉलर के मुकाबले 16 पैसे मजबूत हुआ।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *