हरियाणा के रेवाड़ी में एक व्यापारी को शातिर लड़की ने वॉट्सऐप कॉल कर जाल में फंसा लिया। लड़की ने पहले वीडियो कॉल की और फिर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर 6 लाख 36 हजार रुपए ठग लिए। पीड़ित व्यापारी ने साइबर थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कराई है।

रेवाड़ी के कस्बा धारूहेड़ा निवासी पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को बताया कि इसी साल जुलाई में अनजान लड़की की वॉट्सऐप कॉल उसके नंबर पर आई। इस कॉल को उसने नहीं उठाया। कुछ दिन पहले फिर से अनजान लड़की की वॉट्सऐप कॉल उसके पास आनी शुरू हो गई।

परेशान होकर उठाई कॉल
बार-बार मोबाइल पर अनजान लड़की की कॉल देख उसने कॉल उठा ली। इस दौरान लड़की ने उनका एक वीडियो बना लिया और उसे एडिट कर अश्लील बना लिया। इसके बाद उसी नंबर से उसे कॉल कर ब्लैकमेल करना भी शुरू कर दिया।

13 दिसंबर पहली बार मांगे पैसे
13 दिसंबर को वीडियो डिलीट करने की एवज में पहली बार उससे पैसों की डिमांड की गई। इससे व्यापारी बुरी तरह घबरा गया। उसने लड़की द्वारा भेजे गए फोन नंबर पर 1 लाख 36 हजार रुपए भेज दिए, लेकिन इसके बाद फिर से कॉल की गई और कहा कि पैसे नहीं दिए तो सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया जाएगा।

बैंक खाते में साढ़े 4 लाख जमा कराए
17 दिसंबर को व्यापारी के पास एक लड़के ने कॉल की और खुद को पुलिस अधिकारी बताया तथा कहा कि अगर पैसे नहीं दिए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वीडियो भी वायरल हो जाएगा। शातिर लड़के ने वीडियो डिलीट करने के बदले में बंटी महोर नाम के बैंक खाते में साढ़े 4 लाख रुपए डलवा लिए।

पीछे छुड़ाने के लिए 50 हजार और दिए
इतने सारे रुपए देने के बाद भी शातिर गिरोह ने व्यापारी का पीछा नहीं छोड़ा और साढ़े 4 लाख की मांग की। व्यापारी ने पीछा छुड़ाने के चक्कर में 50 हजार रुपए संजू नाम के खाते में जमा करा दिए। 6 लाख 36 हजार देने के बाद भी गिरोह लगातार ब्लैकमेल करता रहा।

पुलिस को दी शिकायत
बार-बार ब्लैकमेल कर पैसों की डिमांड करने पर व्यापारी ने सोमवार को साइबर थाना रेवाड़ी में शिकायत दी। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धोखाधड़ी और रंगदारी मांगने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन खातों की जांच कर रही है, जिनमें पैसे ट्रांसफर हुए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *