करनाल,16 अप्रैल। हरियाणा विधानसभा 16 अप्रैल से पहली बार 13 देशों के 28 सदस्यीय शिष्टमंडल के अध्ययन दौरे की मेजबानी कर रही है। शिष्टमंडल बुधवार को हरियाणा विधानसभा के लिए दिल्ली से चंडीगढ़ यात्रा के दौरान करनाल में मधुबन के पास एक निजी रेस्त्रां में जलपान के लिए रुका, जहां पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा विधानसभा में शिष्टमंडल से मुलाकात करेंगे। शिष्टमंडल में शामिल सभी प्रतिनिधि विधि निर्माण के विशेषज्ञ हैं और वे विधान प्रारूपण में 36वें अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत लोकसभा में प्रशिक्षण के बाद हरियाणा विधानसभा के साथ जोड़ा गया है। लोकसभा ने 16 से 21 अप्रैल तक 6 दिवसीय प्रशिक्षण की जिम्मेदारी हरियाणा विधानसभा सचिवालय को सौंपी है। शिष्टमंडल में 13 देशों के संसदीय व न्यायिक प्रणाली से जुड़े 28 उच्च अधिकारी शामिल रहेंगे। इनमें कोट, डी-आइवर, इक्वाडोर, ग्वाटेमाला, होंडुरस, मालदीव, मंगोलिया, म्यांमार, नाइजर, नाइजीरिया, श्रीलंका, तंजानिया, जाम्बिया, जिम्बाब्वे शामिल हैं। शिष्टमंडल के साथ लोकसभा के 10 वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। 21 तक शिष्टमंडल के अनेक कार्यक्रम हैं।