करनाल, 29 मार्च। जरूरतमंद लोगों का अपना पक्का घर होने का सपना जल्द पूरा होगा, क्योंकि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण को लेकर सरकार ने पोर्टल खोल दिया है। जिला एवं खण्ड स्तर के कर्मचारी इस योजना का लाभ पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लग गए हैं। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक आवासहीन परिवार को एक पक्का आवास मुहैया कराना है।
जिला परिषद के सीईओ गौरव कुमार ने बताया कि आवास के लिए पोर्टल भारत सरकार द्वारा खोल दिया गया है। कोई भी पात्र परिवार आवास पोर्टल पर जाकर 31 मार्च तक पंजीकरण कर सकता है। इस योजना के तहत पात्र परिवार को तीन किस्तों में सहायता राशि दी जाती है। पहली किस्त के रूप में 45 हजार रुपये, दूसरी किस्त के रूप में 60 हजार रुपये तथा तीसरी किस्त के रूप में 33 हजार रुपये मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि पात्र लोग आगामी 31 मार्च तक योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल खुला है। पात्र परिवार के सदस्य पोर्टल के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर अपना आवेदन करवा सकते हैं। इस योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जिनके मकान कच्चे हैं, टूटे हुए हैं या दरारें आई हुई है, खुद का पक्का घर नहीं है। इसके अतिरिक्त महात्मा गांधी नरेगा स्कीम के तहत पात्र परिवार को 90 दिनों का अकुशल रोजगार मुहैया करवाया जाएगा तथा स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 हजार रुपये की राशि शौचालय निर्माण के लिए दी जाती है।
उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबको आवास उपलब्ध कराने के सपने को पूरा करना है। आवास योजना पोर्टल खुलने से पात्र ग्रामीण परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। पात्र परिवार जल्द से जल्द योजना लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि कोई पात्र परिवार संबंधित ग्राम सचिव सर्वेयर के माध्यम से अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा पात्र परिवार स्वयं भी आवास पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा सकता है। इस बारे में जिला के सभी सचिवों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है, ताकि वे आवास प्लस 2024 एप पर पात्र परिवार का आवेदन करवा सकें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *