पक्षियों को समर्पित पक्षी नीड़म टॉवर का स्वच्छ भारत मिशन के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने किया निरीक्षण, जैन स्थानक में बेसहारा जीव जंतुओं के लिए भी जल्द शुरू होगा अस्पताल का निर्माण
करनाल, 2 मार्च
आज भी आसमान में उड़ते पक्षियों को आजादी का प्रतीक व उसके पंखों को सपनों की उड़ान कहा जाता है। धरती की रौनक भी पक्षियों से ही ज्यादा है, लेकिन आज वनों की कमी, तालाबों, नहरों में प्रदूषित पानी, असुरक्षा का माहौल तथा प्रदूषण व फसलों पर जहरीले रसायनों का अत्यधिक प्रयोग पक्षियों के लिए भी खतरा बने हैं। ऐसे में पक्षियों के संरक्षण एवं भरण पोषण के लक्ष्य के साथ करनाल के इंद्री रोड स्थित श्री आत्म मनोहर जैन स्थानक द्वारा हजारों पक्षियों के लिए एक अनूठे आशियाने का निर्माण किया गया है। इसे पक्षी नीड़म का नाम दिया गया है जिसमे दो टॉवर है। इसमें 3000 से अधिक पक्षी रह सकते हैं। जैन संत श्री पीयूष मुनि जी की प्रेरणा से इसका निर्माण किया गया है। 6 मंजिल की ऊंचाई के इस बहुमंजिलें पक्षी विहार के नीचे ही पक्षियों के लिए दाने व पानी की व्यवस्था भी की गई है।
स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र आज इस पक्षी नीड़म का निरीक्षण करने पहुंचे जहां उन्होंने जैन मुनि पीयूष जी महाराज से इसकी पूरी जानकारी ली। उन्होंने इसे मानवता का उत्तम उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इसका निर्माण भगवान महावीर की शिक्षाओं के अनुरूप है। वृक्षों की कमी और जहरीले रसायनों के प्रयोग के कारण अब पक्षी पेड़ों पर खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते। इस पक्षी विहार में बीमार व नवजात पक्षी भी आराम से सुरक्षित रह सकेंगे। उनके लिए दाना पानी की व्यवस्था की गई है। यह टावर पक्षियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। इस मौके पर सुभाष चंद्र ने लोगों से आग्रह किया गया कि वे पक्षियों के प्रति सद्भावना के साथ समर्पित हों।
जैन मुनि पीयूष जी महाराज ने कहा कि पक्षी नीड़म स्थल पर दो टावरों का निर्माण किया गया है जिसमें हजारों पक्षी एक साथ सुरक्षित रह सकते हैं। जैन मत के अनुसार सभी जीवों को आजादी से रहने और अपना जीवन जीने का अधिकार है। किसी जीव को हमारे कारण पीड़ा न पहुंचे यही प्रयास रहता है। इसी कड़ी में जल्द ही श्री आत्म मनोहर जैन स्थानक परिसर में बेसहारा और लाचार जीवों के लिए सभी सुविधाओं से युक्त एक अस्पताल का निर्माण किया जाएगा जिसमें किसी भी तरह के घायल जीव जंतुओं को न केवल इलाज मिलेगा बल्कि उन्हें आश्रय भी मिलेगा। इस अस्पताल में अनुभवी पशु चिकित्सक होगा जो घायल जीव जंतुओं का इलाज करेंगा। जैन संत ने सभी लोगों से जीव जंतुओं पर दया करने और उन्हें पीड़ा ना पहुंचाने की अपील भी की।
इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भाजपा नेता अशोक कुरलन, संजय कुमार व कैलाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *