कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने किया सम्मानित
कुरुक्षेत्र, 27 जनवरी। 
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज की आरुषि को वर्ष 2023 के लिए सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेट का अवार्ड दिया गया है। कुलपति कार्यालय में सोमवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा, कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र पाल, कर्नल हरप्रीत सिंह द्वारा कैडेट आरुषि को सर्वश्रेष्ठ एनसीसी अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह अवार्ड कैडेट आरुषि के अद्वितीय अनुशासन, सच्ची निष्ठा एवं कड़ी मेहनत का परिणाम है। एनसीसी का यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलना वास्तव में एक गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार एनसीसी स्टाफ के समर्थन, मार्गदर्शन और क्षेत्र में दिखाए गए निरंतर समर्पण का प्रमाण है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रतिवर्ष एक उत्कृष्ट कैडेट को दिया जाता है।
कुवि कुलसचिव डॉ. वीरेंद्र पाल ने कहा है कि आरुषि की कड़ी मेहनत और समर्पण ने सभी के समक्ष एक आदर्श स्थापित किया है जो दूसरों के लिए भी प्रेरणा का कार्य करेगा। यह पुरस्कार न केवल सीनियर अंडर ऑफिसर आरुषि की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह एनसीसी के मूल्यों और आदर्शों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
गौरतलब है कि विभिन्न कॉलेजों के कैडेट्स इस चयन प्रक्रिया में भाग लेते हैं, जिसमें एक व्यापक परीक्षा, ड्रिल टेस्ट, मैप रीडिंग टेस्ट, वेपन टेस्ट और अंत में कर्नल के साथ साक्षात्कार शामिल है। सीनियर अंडर ऑफिसर आरुषि ने एएनओ, सीटीओ और एनसीसी स्टाफ के मार्गदर्शन में अद्वितीय रूप से अनुशासन और निष्ठा का प्रदर्शन किया है। इस मौके पर कर्नल हरप्रीत सिंह व सीटीओ डॉ. रितु सैनी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास : प्रो. सुशीला चौहान
केयू विधि संस्थान में रोस्ट्रम प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने लिया भाग
कुरुक्षेत्र, 27 जनवरी।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में विधि संस्थान में सोमवार को रोस्ट्रम वार्षिक भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। इस अवसर पर विधि संस्थान प्रोफेसर सुशीला देवी चौहान ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों का शैक्षणिक विकास के साथ-साथ सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने रोस्ट्रम प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को बधाई दी वह विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया।
इस कार्यक्रम के संयोजक डॉ संतलाल ने भाषण प्रतियोगिता की महत्वता व रूपरेखा के बारे में बताया व विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस कार्यक्रम में डॉ. जेके चंदेल, डॉ. नीरज बातिश, डॉ. विजयश्री, डॉ. पूनम शर्मा, छात्रा प्रेरणा यादव व अंजलि ने निर्णायक मंडल में अहम भूमिका निभाई। इस कार्यक्रम में विधि संस्थान की विद्यार्थी उपासना, भुवी, सिया ढींगरा, कीर्ति, जय श्री अग्रवाल, साक्षी विजेता रहे।
विधि संस्थान के उपनिदेशक डॉ. रमेश सिरोही ने सभी निर्णायक मंडल का धन्यवाद किया और विद्यार्थियों को आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए उत्साहित किया। इस अवसर पर विधि संस्थान के शिक्षक गण डॉ. मनजिंदर गुलियानी, डॉ. कृष्णा अग्रवाल, डॉ. अमित, डॉ. सुमित, डॉ. कर्मदीप सैनी व विधि संस्थान के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
भागदौड़ भरी जिंदगी में योग की अहम भूमिका : प्रो. एआर चौधरी
एनएसएस के 21 दिवसीय योगा शिविर का हुआ समापन
कुरुक्षेत्र, 27 जनवरी।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय एनएसएस इकाई तीन द्वारा 6 जनवरी से 26 जनवरी के बीच 21 दिवसीय ऑनलाइन योगा चैलेंज अभियान में देश भर से 2000 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। इस अवसर पर केयू डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एआर चौधरी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग की अहम भूमिका है क्योंकि स्वास्थ्य के लिए स्वस्थ जीवनशैली को बनाए रखना एक चुनौती बन गया है। तनाव, अनियमित दिनचर्या और असंतुलित खानपान ने लोगों को कई शारीरिक और मानसिक बीमारियों से ग्रस्त कर दिया है। इन समस्याओं के समाधान के लिए योग एक प्रभावी उपाय के रूप में उभरा है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निधि माथुर ने बताया कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की एक शैली है। यह अनुशासन, संतुलित आहार और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की प्रेरणा देता है। योग करने वाले व्यक्ति में आत्मविश्वास और ऊर्जा का स्तर उच्च रहता है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निधि माथुर ने छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी का आभार व्यक्त किया। इस शिविर के संयोजक दर्शन-शास्त्र विभाग के छात्र हर्ष बूरा और सह-संयोजक तथा पुरातत्व विभाग के प्रदीप बेनीवाल व अर्थशास्त्र विभाग से दिव्या रहे।
केयू में स्पोर्ट्स डायटिशियन सर्टिफिकेट कोर्स एसएफएस में रिक्त सीटों पर दाखिले
शारीरिक शिक्षा विभाग में दर्ज करानी होगी उपस्थिति
कुरुक्षेत्र, 27 जनवरी। 
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार सत्र 2024-25 के लिए केयू के शारीरिक शिक्षा विभाग में तीन माह के स्पोर्ट्स डायटिशियन सर्टिफिकेट कोर्स सेल्फ फाइनेंसिंग स्कीम सांयकालीन सत्र हेतु रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए अधिसूचना जारी की गई है। यह जानकारी देते हुए लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि इस कोर्स में आवेदन के लिए दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थियों को संबंधित दस्तावेजों के साथ केयू के शारीरिक शिक्षा विभाग में 28 जनवरी को प्रातः 9 बजे से 11 बजकर 30 मिनट के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करवानी होगी। वहीं उसी दिन दाखिले की मेरिट सूची भी लगाई जाएगी। जिसके बाद अभ्यर्थी को 29 जनवरी 2025 को इस कोर्स की फीस भरने होगी। स्पोर्ट्स डायटिशियन सर्टिफिकेट कोर्स एसएफएस की सायं कालीन सत्र की कक्षाएं 30 जनवरी से संचालित होगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *