हरियाणा में करनाल के घरौंडा नेशनल हाइवे-44 पर बदमाशों ने हीरो बाइक एजेंसी मालिक पर फायरिंग कर दी। घरौंडा में सत्संग भवन के नजदीक यह वारदात हुई। एजेंसी मालिक विशाल दो भाईयों के साथ वीरवार देर रात घर लौट रहे थे।

बदमाशों की फायरिंग से एजेंसी मालिक को गोली का छर्रा लगा, जिससे वह जख्मी हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके बयान लेकर 2 बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

2 बाइक पर बदमाश पीछा करने लगे
उचाना के रहने वाले विशाल ने बताया कि इसराना में उनकी हीरो बाइक की एजेंसी है। वीरवार देर रात को वह अपनी कार से इसराना से उचाना के लिए निकला था। विशाल के साथ उसका भाई विकास व चचेरा भाई शुभम भी था। इसराना से निकलने के बाद ही 2 बाइक पर सवार युवकों ने विशाल की कार का पीछा शुरू कर दिया था। जिसमे एक सिंपल बाइक थी, जबकि दूसरी स्पोर्ट्स बाइक थी।

रात को मौके पर पहुंची पुलिस।
रात को मौके पर पहुंची पुलिस।

शक हुआ तो टोल प्लाजा पर रुके, बाइक वाले आगे इंतजार करते रहे
जब विशाल को महसूस हुआ कि कोई उनका पीछा कर रहा है तो उन्होंने 5 मिनट के लिए अपनी कार को पानीपत टोल प्लाजा पर रोक लिया। उन्होंने कार को रोककर देखा कि दोनों बाइक चालक टोल की बीच वाली लेन से क्रॉस करके निकल गए, जबकि अमूमन तौर पर बाइक साइड वाली लेन से निकलती है।

बाइक निकलने के बाद विशाल कार लेकर चला तो आगे बाइक चालक उसके इंतजार में ही खड़े थे। बाइक सवार बदमाशों को देख कार दौड़ा ली। बदमाशों ने गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया। विशाल ने सूझ बूझ से काम लिया और उसने कार को घरौंडा ओवरब्रिज पर चढ़ाने की बजाय सर्विस लेन की तरफ ले लिया।

ओवरब्रिज से सर्विस लेन पर चल रही कार पर गोलियां चलाई
इसके बाद बदमाश सर्विस लेन पर आने की बजाय तेज रफ्तार के कारण ओवरब्रिज पर ही चढ़ गए। राधा स्वामी सत्संग भवन के पास एक बदमाश ने अपनी पिस्टल निकाली और ओवरब्रिज से सर्विस लेन पर चल रही कार पर फायर कर दिया। गाड़ी विशाल चला रहा था और गोली गाड़ी के शीशे से टकरा गई।

गनीमत रही कि विशाल को गोली नहीं लगी, लेकिन छर्रा लगने से विशाल मामूली सा जख्मी जरूर हो गया। गोली विशाल को लगी है या नही, यह देखने के लिए बदमाश कुछ पल के लिए रुके। विशाल के मुताबिक, बदमाश दोबारा फायर करने की फिराक में थे, लेकिन कर नहीं पाए और मौके से फरार हो गए।

रंजिश या लूट की कोशिश
विशाल ने बताया कि उसकी मोटरसाइकिल की एजेंसी है। हर रोज वह बड़ा अमाउंट लेकर घर की तरफ जाता था लेकिन आज उसके पास कोई कैश नहीं था। इसके अलावा कुछ दिन पहले इसराना में ही किसी के साथ लड़ाई-झगड़ा हुआ था। ऐसे में बदमाश रंजिश निकालने आये थे या फिर किसी लूट के इरादे से इसका खुलासा तो बदमाशों के पकड़े जाने के बाद ही होगा।

घटना से फैली सनसनी
हाईवे पर फायरिंग की घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। छर्रा लगने से चोटिल हुए विशाल को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाया गया। विशाल ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *