प्रदेश के लाखों युवाओं को मिलेगा बिना पर्ची- बिना खर्ची रोजगार : डॉ अरविंद शर्मा

मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में प्रदेश बढ़ रहा आगे: डॉ अरविंद शर्मा

करनाल, 10 दिसंबर। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, चुनाव, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण को सही मायने में नई दिशा देने का काम किया और बीमा सखी योजना से आर्थिक व सामाजिक उत्थान सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता के लिए और भी खुशी की बात है पानीपत की ऐतिहासिक धरती से बीमा सखी योजना की शुरुआत हुई है। यह योजना महिलाओं, बहनों, बेटियों के आर्थिक उत्थान की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इस योजना के लागू होने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने में महिलाएं महत्वपूर्ण योगदान देंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच महिलाओं को बराबरी के समान अवसर देना है। मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने सोमवार को देर से सांय भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष वेदपाल एडवोकेट के भतीजों की शादी के अवसर पर एक निजी मैरिज पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की और परिजनों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

इस मौके पर मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि देश में नारी सशक्तिकरण को लेकर हमेशा बातें होती रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी सशक्तिकरण के शब्दों को धरातल पर चरितार्थ करके दिखाया है। बीमा सखी योजना के शुभारम्भ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की हजारों महिलाओं के साथ साक्षी बनना हम सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि बीमा सखी बनने वाली 2 लाख से अधिक महिलाओं को इस योजना से जोड़ा जाएगा और प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें स्टाईफण्ड भी मिलेगा, जबकि जो बीमा वो करेंगी, उसका कमीशन उन्हें अलग से प्रदान किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आज हरियाणा उन्नति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विचारधारा को न केवल मजबूती से आगे बढ़ाया जा रहा है, बल्कि अन्य राज्यों के सामने मिसाल पेश कर रहा है। इन योजनाओं से किसान, मजदूर, व्यापारियों तथा कर्मचारियों को लाभ मिल रहा है। इतना ही नहीं प्रदेश के युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची के रोजगार मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद और शपथ लेने से पहले ही 25 हजार सरकारी नौकरियां देने का काम किया है और आने वाले समय में प्रदेश के 2 लाख और युवाओं को सरकारी रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीमा सखी योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कारगर साबित होगी और महिलाओं को उनके घर द्वार पर ही रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पानीपत से ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को शुरू किया था। जिसके फलस्वरूप लिंगानुपात में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महिलाओं के विकास के लिए केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतार रहे हैं जिसके फलस्वरूप लाखों महिलाओं को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने पीएम उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम जन-धन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, पीएम आवास योजना, हर घर नल से जल योजना, पीएम मुद्रा योजना, ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से आम जनता को लाभ पहुंचाया है, विशेषतौर से सामाजिक जीवन में महिलाओं व बेटियों को मान-सम्मान दिलाना सुनिश्चित किया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *