चंडीगढ़ – बीती 1 दिसम्बर देर रात हरियाणा सरकार के कार्मिक विभाग द्वारा प्रदेश कैडर के 44 आई.ए.एस. अधिकारियों के ताज़ा तैनाती -तबादले  बारे  आदेश जारी किया गया जिसमें  अम्बाला डिवीज़न की निवर्तमान कमिश्नर अर्थात अम्बाला मंडल की आयुक्त गीता भारती को‌ बदलकर प्रदेश के गृह विभाग में होम-1 और होम-2 में बतौर सचिव तैनात किया गया है. हालांकि उनके पास   हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम में मैनेजिंग डायरेक्टर का अतिरिक्त कार्यभार भी बना रहेगा. गीता भारती के स्थान पर 2004 बैच के आई.ए.एस. फूल चंद मीणा अम्बाला मंडल के नए आयुक्त  होंगे.
वहीं अम्बाला के अतिरिक्त उपायुक्त (ए.डी.सी.) पद पर 2016 बैच के आई.ए.एस. डा. ब्रह्मजीत सिंह रंगी को तैनात किया गया है. निवर्तमान ए.डी.सी सचिन गुप्ता हालांकि जिला नगर आयुक्त और  अम्बाला नगर निगम के कमिश्नर बने रहेंगे परंतु गुप्ता को मुख्य चार्ज के तौर पर  हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (एच.एस.आई.आई.डी.सी.) में बतौर अतिरिक्त प्रबंध निदेशक   तैनात किया गया है.
इसी बीच पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एडवोकेट और  प्रशासनिक मामलों के जानकार हेमंत कुमार  ( 9416887788)  ने बताया कि
आज से 2 वर्ष‌ पहले अक्टूबर- 2022 में भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा   हरियाणा प्रदेश से नॉन-एससीएस (गैर – राज्य सिविल सेवा ) कोटे से प्रदेश सरकार के चार नॉन-एचसीएस  अधिकारियों का चयन कर  सीधे आईएएस में  नियुक्त किया गया था जिनमें  डॉ. विवेक भारती, डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, डॉ.  जैन्द्र सिंह छिल्लर और डॉ. ब्रह्मजीत सिंह रंगी शामिल थे. इनकी  नियुक्ति  आईएएस (चयन द्वारा नियुक्ति ) रेगुलेशंस, 1997 और आईएएस (प्रोबेशन ) नियमावली, 1954 में की गई थी. आई.ए.एस. में नियुक्ति से पहले
डॉ. हरीश कुमार  वशिष्ठ और डॉ. ब्रह्मजीत सिंह रंगी  हरियाणा सरकार के पशुपालन और डेयरी  विभाग में  क्लास वन (ग्रुप ए) अधिकारी थे.  वही विवेक भारती और  जैन्द्र छिल्लर दोनों हरियाणा के उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत पड़ने वाले राजकीय महाविद्यालय में बतौर वरिष्ठ असिस्टेंट प्रोफेसर कार्यरत थे. सीधे आई.ए.एस बनने के बाद  केंद्र सरकार द्वारा उपरोक्त चारों को 2016 का बैच वर्ष दिया गया था जिससे वह न केवल जिले के ए.डी.सी. बल्कि  उपायुक्त ( डी.सी.)  तैनात होने के लिए भी योग्य हैं. सनद रहे कि ‌डा. हरीश वशिष्ठ वर्तमान में पलवल जिले में और विवेक भारती महेन्द्रगढ़ जिले में उपायुक्त तैनात हैं.

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *