करनाल, 11 नवम्बर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आह्वान पर जिले भर में समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। नगर निगम कार्यालय, नगर पालिका कार्यालयों व बीडीपीओ कार्यालयों में समाधान शिविर लगे। सोमवार को लगाए गए समाधान शिविर में कुल 9 शिकायतें आई, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। 4 शिकायतों को अभी लंबित रखा गया है।
बता दें कि नगर निगम करनाल के कार्यालय में उप निगम आयुक्त अशोक कुमार ने शिकायतों को सुना। यहां 3 शिकायतें आई, जिनमें से 2 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। एक शिकायत अभी लंबित है। वहीं असंध नगरपालिका कार्यालय में 3 शिकायतें आईं जो कि अभी लंबित हैं। घरौंडा नगरपालिका में 1 शिकायत प्राप्त हुई जिसका वहीं समाधान कर दिया गया। निसिंग नगर पालिका में 2 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनका भी समाधान कर दिया गया। नीलोखेड़ी, तरावड़ी और इंद्री नगर पालिका में कोई भी शिकायत नहीं आई। साथ ही किसी भी बीडीपीओ कार्यालय में कोई भी शिकायत नहीं आई।
बता दें कि जिला की प्रत्येक नगर पालिका और बीडीपीओ कार्यालयों व नगर निगम के दफ्तरों में समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान आमजन की प्रॉपर्टी आईडी व स्वामित्व योजना से जुड़ी शिकायतों को सुना जा रहा है और उनका मौके पर समाधान भी किया जा रहा है।
