आज है तुलसी माता का पूजन व तुलसी-शालिग्राम विवाह
कुरुक्षेत्र, 11 नवम्बर : हर वर्ष की भांति जग ज्योति दरबार के महंत राजेंद्र पुरी एवं अन्य संतों के सान्निध्य में 12 नवम्बर तुलसी माता का पूजन व तुलसी-शालिग्राम विवाह होगा। महंत राजेंद्र पुरी ने पूजन का महत्व बताते हुए कहा कि हिंदू धर्म में तुलसी माता और शालिग्राम भगवान के विवाह का आयोजन करना बेहद शुभ माना जाता है। ऐसा करने से भगवान विष्णु जी और मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं। सुख-सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है। कार्तिक का महीना बहुत महत्व रखता है।
महंत राजेंद्र पुरी ने बताया कि कार्तिक महीने में शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु चार महीने की निद्रा के बाद जागते हैं। उनके जागते ही सभी तरह के शुभ और मांगलिक कार्य शुरू हो जाते हैं। यह भी कहा गया है कि तुलसी विवाह संपन्न करवाने से मोक्ष के द्वार खुल जाते हैं, वहीं तुलसी जी और शालिग्राम की कृपा से विवाह में आने वाली सभी प्रकार की बाधाएं भी दूर होती हैं।
