कुरुक्षेत्र 9 नवंबर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार गौवंश के कार्य पर तेज गति के साथ कार्य कर रही है और प्रयास कर रही है कि जो गौचरांद की जमीन पंचायतें ठेके के आधार पर प्रयोग कर रही है उन जमीनों को ठेके से छुड़वाने का प्रयास किया जाएगा। क्योंकि हमारे पूर्वजों ने गांव में गायों के चरने के लिए गौचरांद छोड़े हुए थे, जहां पर गाय चरने जाती थी, लेकिन 1965 में एक अदालती फैसले के अनुसार गौचरांद की जमीनें पंचायतों के पास चली गई थी, जिन्हें छुड़वाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
मंत्री शनिवार को स्थानीय श्री कृष्ण कृपा गौशाला में आयोजित गोपाष्टमी के पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने गोपाष्टमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन उनके लिए बड़े सौभाग्य का दिन है। प्राचीन काल से भारत में गौ माता का पूर्ण महत्व रहा है, हमारा शरीर जो पांच तत्व का शरीर है यह गाय के दूध में है तथा दहीं, घी और लस्सी के रूप में यह तत्व होते है। गऊ माता देवता के रूप में मानी जाती है। प्रदेश सरकार गौशालाओं को प्रोत्साहन दे रही है तथा प्रदेश में गौ सेवा आयोग का गठन भी किया हुआ है। पहले की सरकार गोवंश के कार्यों पर कोई ध्यान नहीं देती थी, लेकिन जब से भाजपा की प्रदेश में सरकार आई है तब से लगातार इस पर कार्य चल रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है, यहां किसान अपनी खेती खुले आसमान में करता है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि डीएपी खाद में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। हर रोज एक ट्रेन खाद की आ रही है। इस मौके पर मंत्री श्याम सिंह राणा ने श्री कृष्ण कृपा गौशाला को 11 लाख रुपए अनुदान राशि देने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि गाय माता आराध्य की आराध्य है, गाय कोई साधारण पशु नहीं है, गौ माता में सभी देवता निवास करते है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को बेसहारा गौवंश मुक्त प्रदेश बनाया जाना चाहिए, इसके लिए हम सभी को अपना कर्तव्य निभाना होगा। गौ माता राष्ट्र का गौरव है, गाय का केवल उपयोग के लिए उपयोग ना करे, गाय को बेसहारा ना छोडे, उन्होंने जिला प्रशासन के बारे में कहा कि इस मामले में प्रशासन अपनी भूमिका निभा रहा है लेकिन समाज को भी सहयोग करना चाहिए। उन्होंने मंत्री श्याम सिंह राणा से आग्रह किया कि वे अपने विभाग के माध्यम से राजस्थान से गौ मंत्रालय के संदर्भ में अध्ययन करवाएं ताकि हरियाणा में भी अलग से गौ मंत्रालय बनाने के प्रयास आगे बढ़ाएं जा सके। इस मौके पर अक्षरधाम मंदिर कुरुक्षेत्र के प्रभारी स्वामी ज्ञान मंगल, जीओ गीता के संयुक्त सचिव मदन मोहन छाबड़ा, श्री कृष्ण कृपा गौशाला के चेयरमैन हंसराज सिंगला, गौशाला के संस्थापक एवं प्रसिद्व समाजसेवी आरडी गोयल, गौशाला के प्रधान सुनील वत्स, मंगत राम जिंदल, महेंद्र सिंगला, केडीबी के सदस्य एमके मौदगिल, अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव प्राधिकरण के सदस्य विजय नरूला, राजेंद्र चोपड़ा, पवन गर्ग, जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन गुरदयाल सनहेड़ी, ब्लॉक समिति के पूर्व चेयरमैन देवी दयाल शर्मा, डॉ. जसबीर, मुकंद लाल अरोड़ा, डॉ. रितु चौहान, प्रतीक सुधा, श्री कृष्ण कृपा परिवार के मीडिया प्रभारी रामपाल शर्मा, रमाकांत शर्मा, पवन भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य लोगों ने गोपाष्टमी पर्व में हिस्सा लेकर गौपूजन किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *