प्रदेश में जल्द कई हजार करोड़ की परियोजनाओं को पहनाया जाएगा अमलीजामा,हर नागरिक की समस्या का होगा समाधान, 24 घंटे खुले रहेंगे जनता के लिए दरवाजे
लाडवा 28 अक्तूबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिहोवा, कुरुक्षेत्र, लाड़वा के साथ-साथ हरिद्वार जाने वाले लाखों लोगों की पुरानी मांग को पूरा करते हुए पिहोवा से यमुनानगर तक सडक़ को फोरलेन बनाया जाएगा। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र और लाडवा में भी बाईपास बनाकर लोगों को ट्रैफिक जाम जैसी समस्या से निजात दिलाई जाएगी। प्रदेश में तेज गति के साथ कई हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री आज जिला कुरुक्षेत्र में कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित स्वागत व धन्यवाद समारोह में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों व क्षेत्र की सम्मानित जनता को हाथ जोडक़र शीश नवाते हुए कमल का फूल खिलाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने दीपावली पर्व, भैया दूज, छठ पूजा व विश्वकर्मा जयंती की भी सभी को बधाई दी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि भाजपा की प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि हमें मिलकर लाड़वा को विकास की दृष्टि से बेहतर बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मेट्रो व लोकल ट्रेनों का विस्तार किया जाएगा ताकि लोगों को अपने आवागमन में आसानी हो। प्रदेश में जल्द ही ऐसे बहुत सी सडक़ परियोजनाओं व अन्य परियोजनाओं को गति देने का काम किया जाएगा जिससे इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर हो और लोगों को इन सुविधाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नागरिकों की जो भी समस्याएं एवं कार्य हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर करवाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि लडवा विधानसभा क्षेत्र के तहत जहां पर भी सडक़ों से संबंधित पैच वर्क या सडक़ों को दुरुस्त किया जाना है, उस कार्य को जल्द से जल्द करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि हर नागरिक की समस्या का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता के लिए 24 घंटे खुले हमारे दरवाजे खुले रहेंगे।
उन्होंने कहा कि जैसे ही समय मिलेगा वह लाड़वा के हर वार्ड, गांव, मोहल्ले में जाकर जनता का यहां से कमल का फूल खिलाने के लिए धन्यवाद भी करेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, मंडल प्रमुख को कहा कि भाजपा द्वारा ऑनलाइन भाजपा की प्राथमिक सदस्य बनाने की मुहिम चलाई गई है। हर बूथ पर समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए कम से कम 300 लोगों को इस मुहिम से जोडऩा है।  इस मौके पर उपायुक्त राजेश जोगपाल, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, एडीसी सोनू भट्ट, एसडीएम पंकज सेतिया, पूर्व शहरी स्थानीय निकाय राज्य मंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील राणा, मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र, मंडल अध्यक्ष जसविन्द्र सैनी, मंडल अध्यक्ष प्रवीण पांचाल, जवाहर सैनी, धर्मवीर मिर्जापुर, धुम्ममन सिंह किरमच, साक्षी खुराना, भाजपा नेता जयभगवान शर्मा डीडी, प्रदेश सचिव राहुल राणा, परमजीत कश्यप, गुरनाम सैनी, जितेन्द्र के साथ-साथ भाजपा के कार्यकर्ता व अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *