विधानसभा चुनाव में घरौंडा से जीत की हैट्रिक लगाकर हरविंद्र कल्याण ने रचा इतिहास, सर्वसम्मति से चुने गए विधानसभा अध्यक्ष, करनाल जिला की जनता के लिए गर्व की बात।

घरौंडा/करनाल, 25 अक्तूबर- हरियाणा विधानसभा के आम चुनाव में जहां भाजपा ने हरियाणा प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का रिकॉर्ड कायम किया है, वहीं विधायक हरविंद्र कल्याण ने भी घरौंडा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से हैट्रिक लगाकर एक इतिहास रचने का काम किया है। हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरविंद्र कल्याण की इस उपलब्धि को देखते हुए अध्यक्ष पद के लिए उनके नाम का प्रस्ताव रखा। जिसका पक्ष और विपक्ष के सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया तथा उन्हें 15वीं हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष पद से नवाजा, जोकि करनाल जिले की जनता के लिए गौरव की बात है। जब यह सूचना घरौंडा व करनाल की जनता तक पहुंची तो उनमें खुशी की लहर दौड़ गई और मिठाई बांट कर एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाते हुए तथा बधाई देते नजर आए।

बता दें कि घरौंडा से लगातार 3 बार जीत की हैट्रिक लगाने वाले विधायक हरविंद्र कल्याण पेशे से इंजीनियर हैं। लगभग पिछले 30 सालों से उनकी राजनीतिक गतिविधियों में पूर्ण सक्रिय भूमिका रही है। अत्यंत सहज स्वभाव रखने वाले हरविंद्र कल्याण हाईटेक तरीके से अपने कामों को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध रखते हैं तथा उन्हें करवाने में जुटे रहते हैं। मिलनसार और व्यवहार कुशलता में हरविंदर कल्याण का कोई सानी नहीं हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रथम कार्यकाल के दौरान हरविंद्र कल्याण को 2015 से 2019 तक हैफेड के अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी। वह 2019 से मार्च 2023 तक विधानसभा में पब्लिक अकाउंट कमेटी (पैक) के अध्यक्ष रहे। घरौंडा की मूलभूत समस्याओं को समझने के लिए हरविंद्र कल्याण ने 2004 में पदयात्रा करते हुए 375 किलोमीटर का सफर तय किया जिसमें उन्होंने घरौंडा विधानसभा के 104 गांवों के लोगों की समस्याओं को बारीकी से समझा। उसी का परिणाम है कि घरौंडा की जनता ने उन्हें लगातार तीसरी बार विधायक चुना और अपना प्यार और समर्थन दे रही है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *