कहा : ईडब्लूएस आरक्षण में ब्राह्मण समाज के हितों को ध्यान में रखते हुए हो वर्गीकरण
करनाल 15 अक्तूबर। सर्व ब्राह्मण सभा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा बड़ौता ने कहा कि ब्राह्मणों के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी को विजयश्री प्राप्त हुई है। बड़ौता ने भाजपा को तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाने पर बधाई दी और आशा जताई की भाजपा सरकार तीसरी बार प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को जीत दिलवाने में ब्राह्मण समाज ने अपनी अहम भूमिका निभाई इसके लिए ब्राह्मण समाज का दिल की गहराइयों से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हैं। इसके साथ ही मांग भी उठाई की तत्काल प्रभाव से ब्राह्मण समाज के कल्याणार्थ ब्राह्मण  कल्याण आयोग का गठन किया जाए। साथ ही ईडब्लूएस आरक्षण में ब्राह्मण समाज के हितों को ध्यान में रखते हुए वर्गीकरण किया जाए।
हरियाणा सरकार ब्राह्मण समाज को मंत्रिमंडल में उचित स्थान देने का काम करे। इसके अलावा ब्राह्मण समाज को निगम व बोर्डों में भी हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाए। सुरेंद्र शर्मा बड़ौता भगवान श्री परशुराम मार्ग स्थित ब्राह्मण धर्मशाला करनाल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा बड़ौता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने ब्राह्मणों को सबसे अधिक राजनीति में हिस्सेदारी दी और 12 टिकट देकर ब्राह्मणों का सम्मान किया। इसके अलावा अन्य राजनीतिक दलों ने टिकटों में ब्राह्मण समाज की अनदेखी की। इसलिए सर्व ब्राह्मण सभा हरियाणा की और से रोहतक में 19 सितंबर 2024 को प्रदेश स्तरीय कमेटी की मीटिंग बुलाई गयी और हरियाणा के विधानसभा चुनाव में केन्द्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल की उपस्थिति में भाजपा को समर्थन देने का ऐलान किया था। ब्राह्मणों का मान सम्मान रखने पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के आभारी हैं। सुरेंद्र शर्मा बड़ौता ने कहा कि प्रदेश में हर सीट पर ब्राह्मण समाज ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया और हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को विजय दिलवाने में अहम भूमिका अदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 12 ब्राह्मण को विधानसभा का
टिकट दिया था जिनमे से 7 विजयी हुए हैं ब्राह्मण समाज के हरियाणा में अब कुल 8 विधायक हैं जिनमे 7 विधायक भाजपा व एक विधायक कांग्रेस से है, जिस तरह ब्राह्मण समाज ने भाजपा को जिताने के लिए अपना फर्ज निभाया अब उसी तरह भाजपा भी ब्राह्मण समाज की हिस्सेदारी मंत्रिमंडल में भी सुनिश्चित करे और ब्राह्मण समाज को निगम व बोर्डों में भी हिस्सेदारी दी जानी चाहिए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *