कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा की अध्यक्षता में रत्नावली के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित

कुरुक्षेत्र, 15 अक्टूबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा की अध्यक्षता में युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा 25 से 28 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह रत्नावली के आयोजन व तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया।
गौरतलब है कि युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की ओर से हरियाणा के कलाकारों का महाकुंभ रत्नावली का आयोजन 25 से 28 अक्टूबर तक किया जा रहा है जिसमें 34 हरियाणवी विधाओं में प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय/कॉलेज/संस्थानों के हजारों कलाकार भाग लेंगे।
इस मौके पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि राज्य स्तरीय रत्नावली समारोह देश-विदेश में विशेष पहचान रखता है। हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष होने वाले राज्य स्तरीय रत्नावली समारोह हरियाणवी संस्कृति को विशेष पहचान दिलाने व संरक्षण का कार्य करता है। यही कारण है कि  इस समारोह में हरियाणा की लुप्त होती प्राचीन विधाओं को पुर्नजीवित करने का प्रयास किया जाता है वहीं युवाओं को अपनी लोक संस्कृति से जोड़ने का कार्य करता है।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि रत्नावली स्पॉन्सरशिप के लिए छात्र कल्याण अधिष्ठाता की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है जो रत्नावली महोत्सव के लिए स्पोंसरशिप आमंत्रित करेगी।
युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला ने बताया कि रत्नावली के सफल आयोजन के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने अलग-अलग कमेटियों को मंजूरी प्रदान की है। उन्होंने बताया कि इस समारोह के संचालन हेतु विश्वविद्यालय के सभी विभागों से रत्नावली टीम के रूप में आवेदन मांगे गए थे। रत्नावली महोत्सव में यह विद्यार्थी विश्वविद्यालय के अधिकारियों की सहायता करेंगे।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला, प्रो. रमेश भारद्वाज, प्रो. रीटा, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, प्रो. कुसुमलता, प्रो. जसबीर ढांडा, उप-निदेशक डॉ. जिम्मी शर्मा, डॉ. अमीषा शर्मा, डॉ. सोमवीर जाखड़, डॉ. राजेश सोबती, डॉ. वीरेन्द्र पॉल, डॉ. नीरज बातिश, डॉ. दीपक शर्मा मौजूद थे।

बॉक्स
34 विधाओं में हजारों कलाकार लेंगे भाग

लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक डॉ. महासिंह पूनिया ने बताया कि 25 से 28 अक्टूबर 2024 तक विश्वविद्यालय में चलने वाले रत्नावली हरियाणा दिवस राज्य स्तरीय महोत्सव 2024-25 में विश्वविद्यालय/कॉलेज/संस्थानों के हजारों कलाकार 34 विधाओं में भाग लेंगे जिसमें हरियाणवी भाषा में भाषण प्रतियोगिता, हरियाणवी कविता, हरियाणवी भाषा में टिट-बिट्स प्रतियोगिता, हरियाणवी पॉप सॉन्ग, हरियाणवी स्किट, हरियाणवी लोक-गीत, हरियाणवी भजन, रागनी, हरियाणवी ऑर्केस्ट्रा,  हरियाणवी लोक वाद्य (एकल), हरियाणवी एकांकी-नाटक, हरियाणा पर ऑन द स्पॉट पेंटिंग, हरियाणा पर पेंटिंग की प्रदर्शनी, हरियाणवी लोक वेशभूषा प्रतियोगिता (पुरुष और महिला), सांग (हरियाणा का लोक नाट्य रूप), पुरानी प्राचीन हरियाणवी संग्रह प्रदर्शनी, चौपाल, रसिया समूह नृत्य हरियाणवी, हरियाणवी क्विज लघु फिल्म ( हरियाणवी या हरियाणा में) अधिकतम 15 मिनट, हरियाणवी पगड़ी का बंधन, अनुष्ठान लोक हस्तशिल्प निर्माण (फुलझरी, बिंदरवाल, पीढ़ा, बोहिया, सांझी और सिंधी), युगल रागनी प्रतियोगिता, मोनो-एक्टिंग, हरियाणवी कोरियोग्राफी, हरियाणवी एकल नृत्य (पुरुष और महिला), हरियाणवी गजल, हरियाणवी समूह नृत्य, हरियाणवी फैशन शो, हरियाणवी समूह गान, हरियाणवी कविता प्रतियोगिता में युवा कलाकार धमाल मचाएंगे व अपनी कला के माध्यम से हरियाणवी संस्कृति को प्रदर्शित करेंगे।
बाक्स
ऑडिटोरियम हॉल में आई कार्ड से होगा छात्रों का प्रवेश

25 से 28 अक्टूबर 2024 तक विश्वविद्यालय में चलने वाले राज्य स्तरीय रत्नावली महोत्सव में छात्रों का प्रवेश आईकार्ड से होगा। बिना आईकार्ड के प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। रत्नावली महोत्सव लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *