सैटेलाईट के माध्यम से 51 जगहों पर आगजनी के केस किए दर्ज, 25 जगहों की रिपोर्ट मिली सही, 24 किसानों के किए चालान, फसल अवशेषों का प्रबंधन करने पर मिलेगा सरकार की योजनाओं का लाभ
अंबाला 14, अक्तूबर- उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने कहा कि अम्बाला जिले में फसल अवशेषों में आग लगाने वाले किसानों पर 60 हजार रूपए का जुर्माना किया है। इस जिले में सैटेलाईट के माध्यम 51 जगहों पर आग लगने की सूचनाएं मिली। इन सूचनाओं के आधार पर अधिकारियों को मौके पर भेजा गया और 51 में से 25 सूचनाएं सही पाई गई हैं।
उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने आज यहां बातचीत करते हुए कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के साथ-साथ अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी लगातार फसल अवशेषों को आग न लगाने के प्रति गांव-गांव में जाकर किसानों को जागरूक कर रहे हैं। इस विभाग की तरफ से हर गांव में जागरूकता शिविरों का आयोजन करके किसानों को फसल अवशेषों का प्रबंधन करने पर मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही किसानों को फानों में आग लगाने से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया जा रहा है। यहां फसल अवशेषों का प्रबंधन करने पर सरकार की तरफ से एक हजार रूपए प्रति एकड़ का लाभ मिलता है वहीं फसल अवशेषों मे आग लगाने से किसानों के मित्र कीट तो नष्ट होते ही हैं, साथ में ही भूमि की उपजाऊ शक्ति भी कम होती है।
उन्होंने कहा कि 14 अक्तूबर तक अम्बाला जिले में फसल अवशेषों में सैटेलाईट प्रणाली के माध्यम से आग लगने के 51 मामले सामने आए। इन मामलों पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए प्रशासन की तरफ से टीम भेजी गई। इन टीमों ने रिपोर्ट उपलब्ध करवाई कि 51 में से 25 जगहों पर फानों में आग लगने की घटनाएं सही पाई गई हैं। इस सूचना के आधार पर 25 किसानों के मौके पर चालान किए गए और इन सभी पर 60 हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सख्त आदेश दिए कि अम्बाला जिले में फसल अवशेषों में किसी भी कीमत पर आग नहीं लगने देनी। सभी अधिकारी फिल्ड में रहकर काम करना सुनिश्चित करेंगे। अगर अधिकारी और कर्मचारी ने जरा सी भी लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *