अंबाला। लगातार बढ़ते तापमान और सूखे मौसम के बीच अंबाला के लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 15 मार्च को जिले में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

सोमवार को अंबाला में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब छह डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग छह डिग्री ज्यादा है। पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई।
मौसम विभाग के अनुसार 10 से 14 मार्च तक मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और तापमान लगभग 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इन दिनों में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

गर्म हवा से लोग परेशान

मार्च माह के दूसरे सप्ताह के शुरूआती दौर में ही दिन के समय लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है। स्थिति यहां तक बनी हुई है कि पिछले दो दिनों से तो दोपहर के समय गर्म हवाएं चलने लगी है। दादरी जिले में पिछले 24 घंटाें के दौरान अधिकतम तापमान 36 व न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवाओं की गति 11 किलोमीटर प्रति घंटा रही।

हवाओं में नमी की मात्रा 32 प्रतिशत रिकार्ड की गई। सोमवार को वायु प्रदूषण के स्तर में कुछ सुधार दिखाई दिया। इस दौरान एयर क्वालिटी इंडेक्स 106 दर्ज किया गया। इसे स्वास्थ्य के लिहाज से ठीक ठाक माना जा सकता है। बदलते मौसम के साथ आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन में बदलाव आ रहा है।

अब घरों व दुकानों में पंखे, कूलर चलने लगे है। बाजारों में शीतल पेयजल पदार्थाें के साथ-साथ कुल्फा,आइसक्रीम, फलों के जूस, लस्सी, मैंगो शेक, मिल्क शेक इत्यादि की मांग बढ़ी है। पिछले कुछ दिनों से मौसम खुला रहने का असर नगर के बाजारों, मंडियों में भी पड़ा है।

इन दिनों सभी बाजारों में सुबह से शाम तक खासी भीड़ देखी जा रही है। यहां तक की कुछ बाजारों में तो दिन के समय वाहनों व खरीददारों की भीड़ के चलते जाम जैसा नजारा बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *