पंचकूला।  जींद के सफीदों में हुए दर्दनाक हादसे में सात महिलाओं की मौत के बाद आश्रितों को प्रदेश सरकार पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देगी। इसके अलावा घायलों को उपचार के लिए दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में यह घोषणा की। सदन की शुरुआत बलिदानी स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ और जींद हादसे की मृतकों के निधन पर शोक प्रस्ताव से हुई। सदन में सभी दिवंगत आत्माओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

मुख्यमंत्री ने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ ने देश सेवा में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अदम्य साहस और समर्पण का परिचय दिया। उनका असामयिक निधन पूरे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। देश की रक्षा में योगदान देने वाले वीर सैनिकों का त्याग और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। कांग्रेस विधायक बीबी बतरा ने बलिदानी अनुज वशिष्ठ की प्रतिमा लगाने या स्कूल का नामकरण उनके नाम पर करने की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने भी सहमति दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *