तीन घंटे तक चली बैठक में घरौंडा के विभिन्न विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा
करनाल, 8 मार्च । हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र की व्यस्तता के बावजूद विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण क्षेत्र की परियोजनाओं के प्रति खासे गम्भीर है। शनिवार देर शाम को करनाल के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई बैठक में विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने क्षेत्र के विकास कार्यों व विभिन्न परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ लंबी चर्चा की।
शनिवार को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने उपायुक्त उत्तम सिंह व कई विभागों के अधिकारियों के साथ घरौंडा विधानसभा की विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की तथा कुछ कार्यों में आ रही बाधाओं के कारण हो रहे विलंब की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य रूप से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नहरी विभाग, जिला परिषद सहित विभिन्न विभागों की विकासशील परियोजनाओं सहित कई विभागों के कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली गई। विस अध्यक्ष ने अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए की घरौंडा विधानसभा में चली हुई परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाई जाए तथा नई प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रक्रियाओं को भी पूरी गति प्रदान कर उन्हें धरातल पर उतारा जाए ताकि क्षेत्र के लोगों को उनका लाभ मिल सके।
गौरतलब है की विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण अपनी व्यस्तताओं के बावजूद भी क्षेत्र के लोगों के साथ जन सुनवाई के माध्यम लगातार संपर्क बना कर रखते हैं तथा आमजन द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान व क्षेत्र के विकास के लिए काफी गंभीर रहते हैं। इसी कड़ी में विस अध्यक्ष द्वारा बैठक करके विकास की परियोजनाओं का सूक्ष्म अध्ययन किया गया तथा अधिकारियों को समय पर कार्य करने के दिशा निर्देश भी दिए गए। बैठक में घरौंडा के लिए बजट में घोषित किए गए नए आवासीय सैक्टर, सौ एकड़ में बनने वाले डियर पार्क सहित, मुगल कनाल (ड्रेन न.1) के शुद्धिकरण सहित चल रहे व भविष्य में होने वाले विकास कार्यों पर मंथन किया गया।
बैठक में उपायुक्त उत्तम सिंह, एचएसवीपी की एस्टेट अधिकारी अदिति, एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार, एसई संजय, एटीपी मोहित कुमार, एक्सईएन मनोज कुमार, एसडीओ करनैल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें.।
