फरीदाबाद, 8 मार्च।
ब्लॉक तिगांव के ग्राम प्रहलादपुर माजरा बदरौला में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) द्वारा जल अर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेशनल जल जीवन मिशन, दिल्ली के डिप्टी एडवाइजर श्री सुमित प्रियदर्शी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच श्रीमती निर्मला देवी ने की।
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सब डिविजनल इंजीनियर श्री महेश कुमार, लैब केमिस्ट श्रीमती वंदना चौधरी, जूनियर इंजीनियर श्री कृष्ण कुमार, जिला आईईसी कंसल्टेंट सत्य नारायण नेहरा, ग्राम सचिव सत्यपाल सिंह, बीआरसी सुमन लता (ब्लॉक तिगांव), सुमन रानी (ब्लॉक बल्लभगढ़), सहायक प्रदीप कुमार, ट्यूबवेल ऑपरेटर रोहित कुमार व सतीश भाटी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, VWSC सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिला आईईसी कंसल्टेंट सत्य नारायण नेहरा ने गांव में चल रही जल जीवन मिशन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और ग्रामीणों को जल संरक्षण तथा स्वच्छ पेयजल के महत्व के बारे में जागरूक किया। इसके साथ ही गांव के ट्यूबवेल पर जल अर्पण किया गया तथा जल बंधन कार्यक्रम के माध्यम से जल स्रोतों की सुरक्षा और संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। लैब केमिस्ट श्रीमती वंदना चौधरी ने ग्रामीणों को पानी की गुणवत्ता जांच से संबंधित विभिन्न पैरामीटर जैसे pH, क्लोरीन, टर्बिडिटी आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि स्वच्छ पानी स्वास्थ्य के लिए कितना आवश्यक है।
इसके बाद अधिकारियों और ग्रामीणों द्वारा गांव में ट्रांजिट वॉक की गई, जिसके दौरान जल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया गया और VWSC (Village Water & Sanitation Committee) के सदस्यों के साथ व्यक्तिगत संवाद कर जल प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के समापन पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा गांव की अन्य महिलाओं को उनके योगदान के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि श्री सुमित प्रियदर्शी, ग्राम सरपंच श्रीमती निर्मला देवी और ट्यूबवेल ऑपरेटरों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने ग्रामीणों से जल संरक्षण, जल स्रोतों की सुरक्षा और स्वच्छ पेयजल व्यवस्था को बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
