मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह इन दिनों अपने नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर गंभीर विवादों में घिर गए हैं। हरियाणा के पंचकूला में इस गाने को लेकर पुलिस ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पंचकूला पुलिस ने गायक आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया, जिन्हें बादशाह के नाम से जाना जाता है, के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इतना ही नहीं, पुलिस ने उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर यानी LOC जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, ताकि वह जांच के दौरान देश छोड़कर विदेश न जा सकें।
यह मामला साइबर थाना सेक्टर-20 पंचकूला में दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट 1986 की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार ‘टटीरी’ गाने के वीडियो में कई आपत्तिजनक दृश्य दिखाए गए हैं। वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। इसके अलावा गाने में “बादशाला” जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से पेश करने का आरोप भी लगाया गया है।
इतना ही नहीं, गाने के बोलों में महिलाओं और लड़कियों के प्रति अशोभनीय और आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल की भी शिकायत सामने आई है। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस गाने को बादशाह के आधिकारिक यूट्यूब चैनल से हटवा दिया है। पंचकूला पुलिस ने बताया कि विवादित गाने से जुड़े वीडियो, रील्स और शॉर्ट क्लिप्स को अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर कोई व्यक्ति इस गाने से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट को शेयर करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है और कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
