कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने गांव जोगना खेड़ा में हुए लाभ सिंह हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। थाना केयूके पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को काबू कर अदालत में पेश किया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 22 फरवरी को सूचना मिली थी कि गांव जोगना खेड़ा में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सीन आॅफ क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक लाभ सिंह के शव का पोस्टमार्टम एलएनजेपी अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हरदीप सिंह निवासी जोगना खेड़ा के बयान पर मामला दर्ज किया गया। थाना केयूके प्रभारी उप निरीक्षक विशाल कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक महेंद्र सिंह, गुरदेव सिंह, सहायक उप निरीक्षक रणधीर और होमगार्ड धर्मेंद्र की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरजीत सिंह निवासी जोगना खेड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि परिवार में चल रही कहासुनी के दौरान बीच-बचाव की बात पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने अपने रिश्ते में चाचा लगने वाले लाभ सिंह पर कस्सी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लाभ सिंह को उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
फोटो परिचय
