शिकायत मिलने पर एन्फोर्समेंट टीम ने 5 जगह की चैकिंग, सप्ताह में पशुओं को स्थानांतरित करने के दिए निर्देश।
करनाल 10 दिसंबर,
            नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा के निर्देश पर एन्फोर्समेंट टीम ने सेक्टर-12 व अशोक विहार कॉलोनी में डेयरी चलाने की शिकायत मिलने पर 5 डेयरियों की चैकिंग की और मौके पर मिले पशुओं को एक सप्ताह के अंदर-अंदर शहर से बाहर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सेक्टर-12 में इग्नू कार्यालय के पीछे 4 घरों में पशु रखने की शिकायत मिली थी। नगर निगम द्वारा सम्बंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया, परंतु नोटिस की पालना पूर्ण रूप से सुनिश्चित नहीं की गई, जिसके फलस्वरूप एन्फोर्समेंट टीम ने पशुओं को जब्त कर डेयरी स्थल को सील करने की कार्रवाई की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान टीम को मौके पर एक-दो पशु मिले। इस दौरान पशु मालिकों की ओर से टीम को लिखित में आग्रह करने पर उन्हें एक सप्ताह की मोहलत देते हुए कहा गया कि इस अवधि में वह अपने पशुओं को शहर से बाहर स्थानांतरित कर लें, अन्यथा उनके पशुओं को कब्जे में ले लिया जाएगा।
इसी प्रकार अशोक विहार कॉलोनी में घर में ही डेयरी चलाने की शिकायत मिली थी, परंतु टीम को मौके पर एक ही पशु मिला। इसके मालिक को सप्ताह में पशु को शहर से बाहर करने के निर्देश दिए गए। इस व्यक्ति द्वारा गली में भी कब्जा किया हुआ था, जिसे देखकर टीम ने 2 दिन में कब्जा हटाने के कड़ी चेतावनी दी और कहा कि दो दिन में कब्जा नहीं हटाने पर नगर निगम इसे स्वयं हटा देगा।
इसके अतिरिक्त एन्फोर्समेंट टीम ने आनंद विहार व शिव कॉलोनी क्षेत्र में चल रही डेयरियों की चेकिंग की। इस दौरान आनंद विहार में एक डेयरी मालिक की ओर से बताया गया कि पिंगली डेयरी कॉम्पलैक्स में उनकी डेयरी का निर्माण कार्य मुकम्मल हो गया है, बिजली मीटर लगने के पश्चात वह डेयरी को स्थानांतरित कर लेगा। इसी प्रकार शिव कॉलोनी में डेयरी मालिक द्वारा बताया गया कि उन्होंने अपनी डेयरी को शहर से बाहर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर लिया है।
आज की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं उप निगम आयुक्त अभय सिंह के नेतृत्व में की गई है। टीम में सचिव राम करण भारद्वाज, सहायक मनोज मान व प्रदीप शर्मा, सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह व संदीप कुमार, सहायक सफाई निरीक्षक प्रवेश कुमार व गुलाब सिंह, पशुपालन विभाग से वेटरनरी सर्जन डॉ. राजेश ढल व वीएलडीए नरेश तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
बॉक्स- 90 डेयरी संचालकों पर नगर निगम जल्द करेगा सख्त कार्रवाई।

निगमायुक्त ने बताया कि पिंगली डेयरी कॉम्पलैक्स में 55 डेयरी स्थानांतरित हो चुकी हैं, जबकि 90 संचालक डेयरी निर्माण में देरी कर रहे हैं। इसे लेकर इन्हें कई बार नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि 90 में से 40 ऐसे प्लॉट धारक हैं, जिन्होंने नींव डालने के बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ाया है, जबकि 50 प्लॉट धारकों ने अभी तक बिल्कुल भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। अब नगर निगम ऐसे डेयरी संचालकों से सख्ती से निपटेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *