प्रदेश अध्यक्ष के साथ राजीव चौक पर जनसभा को संबोधित किया। सचिवालय पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश भर में कांग्रेस पार्टी की ओर से “वोट चोर गद्दी छोड़” कार्यक्रम जारी है इसी के तहत रेवाड़ी में शनिवार को कार्यकर्ताओं व नेताओं की ओर से राजीव चौक पर जनसभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर रोहतक लोकसभा से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग से मिलकर भाजपा सरकार चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता प्राप्त करने के लिए श्याम, दाम, दंड नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय पैसे के बलबूते भाजपा सरकार सोशल मीडिया को मैनेज करती है। राहुल गांधी प्रैस कॉन्फ्रेंस कर जनता के बीच वोट चोरी का प्रमाण रख चुके हैं। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र बचाने के लिए सड़कों पर उतर रही है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने कहा कि हेरा फेरी कर प्रदेश में भाजपा ने सत्ता प्राप्त की। प्रदेश की आम जनता अपने आप को ठगा सा महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता छीनकर अवैध तथा असंवैधानिक सरकार बनाई गई है। इसलिए सरकार को बर्खास्त करने की मांग करते हैं। प्रदेश में हर वर्ग सरकार से परेशान है। बिहार में भी वोट चोरी कर सत्ता हासिल की गई है। साजिश के तहत बिहार में सत्ता प्राप्त की। कांग्रेस पार्टी की ओर से सांसद दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में लघु सचिवालय पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व मंत्री एमएल रंगा, पूर्व विधायक चिरंजीव राव, नीलम भगवाड़ीया, कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष छावड़ी, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता वेद प्रकाश विद्रोही, वरिष्ठ नेता रमेश ठेकेदार, भरत हरचंदपुर, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष दीपिका यादव, रेखा दहिया सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर रेवाड़ी से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने सरकारी जमीन पर भूमाफियाओं की नजर के सवाल पर कहा कि रेवाड़ी के खसरा नंबर 242 की सरकारी भूमि पर राष्ट्रीय स्कूल द्वारा फर्जी प्रॉपर्टी आईडी और जाली दस्तावेज़ों के आधार पर कब्ज़ा जमाने का मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद रेवाड़ी की जमीन को इस तरह से हड़प लिया जाना न केवल सीधे-सीधे भ्रष्टाचार का मामला है, बल्कि यह भाजपा सरकार की लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता को भी उजागर करता है।
कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि यह सवाल स्वाभाविक है कि जब जमीन सरकारी रिकॉर्ड में साफ-साफ नगर परिषद की है, तो इतनी बड़ी जालसाजी भाजपा शासन में कैसे चलती रही ? क्या सरकार और प्रशासन की निगाहें इस ओर कभी नहीं गईं, या फिर जानबूझकर अनदेखा किया गया ? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी कथित “भ्रष्टाचार मुक्त शासन” की बात करती है, लेकिन जमीनें बचाना तो दूर, यहां तो सरकारी भूमि ही फर्जीवाड़े में तकसीम कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक शैक्षणिक संस्था—राष्ट्रीय स्कूल—जिसका काम बच्चों को नैतिकता सिखाना है, वह खुद नकली दस्तावेज़ों का सहारा लेकर कब्ज़ा जमाने में लिप्त पाई जा रही है। और इससे भी अधिक चिंता का विषय यह है कि इतना बड़ा प्रकरण भाजपा सरकार के नाक के नीचे होते हुए भी समय रहते रोका नहीं गया। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी की जनता भाजपा सरकार के खोखले दावों से अब पूरी तरह वाकिफ है। जब सरकारी जमीनें ही सुरक्षित नहीं हैं, तो बाकी प्रशासन कैसा होगा—यह अपने आप समझा जा सकता है। कांग्रेस पार्टी जनता के साथ खड़ी है और इस अवैध कब्ज़े के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
