करनाल, 20 नवम्बर। परमार्थ शिक्षा समिति की ओर से आयोजित प्रेरणादायक कार्यक्रम में इन्फो टच कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर के 35 विद्यार्थियों को कंप्यूटर कोर्स के सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। सर्टिफिकेट पाकर बच्चों के चेहरों पर उत्साह झलक उठा और सभी ने आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। समिति के अध्यक्ष मनोज वत्स ने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि परमार्थ शिक्षा समिति का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में कंप्यूटर शिक्षा एक महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुकी है और तकनीक से जुड़ने वाला हर बच्चा सफलता की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ता है। मनोज वत्स ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने माता-पिता और शहर का नाम रोशन करें तथा देश के विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से समय-समय पर बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि समिति के प्रयासों से अब तक सैकड़ों बच्चे कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में सफलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं और अपने जीवन में तरक्की कर रहे हैं। संस्था शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करते हुए बच्चों में ज्ञान और जागरूकता की अलख जगा रही है। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, सेंटर संचालक और अभिभावक भी मौजूद रहे।
