इच्छुक युवा मण्डल 2 नवम्बर तक माय भारत केन्द्र करनाल कार्यालय में भेजें अपना प्रस्ताव
करनाल, 27 अक्तूबर। माय भारत करनाल की उप-निदेशक सुरमयी शर्मा ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की ओर से जारी दिशा निर्देशानुसार माय भारत केंद्र करनाल की ओर से दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इच्छुक युवा मण्डल 2 नवम्बर 2025 तक माय भारत केन्द्र करनाल कार्यालय में अपना प्रस्ताव भेज सकते हैं।
उप-निदेशक सुरमयी शर्मा ने बताया कि जिले के आठ ब्लॉक में चार ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सभी खिलाडिय़ों का माय भारत पोर्टल पर बनाए गए ईवेंट पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाया जाएगा। दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में 150 खिलाड़ी होंगे और ब्लॉक स्तरीय खेलकूद में पुरुष वर्ग में वॉलीबॉल, 400 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ व लंबी कूद और महिला वर्ग में खो खो, 400 मीटर, 200 मीटर व लंबी कूद आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के संबंध में माय भारत केन्द्र कार्यालय में भी आकर जानकारी ले सकते हैं।
उप निदेशक ने बताया कि जिला के सभी ब्लॉकों में ये प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर युवाओं में खेल गतिविधियों के माध्यम से शारीरिक फिटनेस व मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता फैलाना है। ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर प्रदान करना है।
