सिधपुर गुरूकुल का वार्षिक उत्सव
करनाल, 15 अक्तूबर। 
गुजरात एवं महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि देश को आत्मनिर्भर व विकसित बनाने के लिए लोगों का स्वस्थ व निरोगी होना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किला की प्राचीर से नागरिकों में बढ़ते मोटापे पर चिंता जाहिर की है जो वाजिब भी है। जिस देश के लोगों का स्वास्थ्य ही अच्छा नहीं होगा, जिनकी कमाई का बड़ा हिस्सा दवाइयों पर खर्च होगा और जो दैनिक कार्यों को करने में भी असमर्थ होंगे उनके सहारे भारत को आत्मनिर्भर व विकसित कैसे बना पाएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चे भावी समाज के कर्णधार और राष्ट्र के निर्माता हैं। ये बच्चे जितने संस्कारी होंगे राष्ट्र उतना ही आगे बढ़ेगा।
राज्यपाल आज सिधपुर (नीलोखेड़ी) स्थित गुरूकुल के वार्षिक उत्सव सद्गमय में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस मौके पर आचार्य देवव्रत ने कहा कि कार्यक्रम में शारीरिक क्रियाएं प्रस्तुत करने बच्चों ने एक दिन भी कक्षा नहीं छोड़ी। पढ़ाई व अन्य दिनचर्या ज्यों की त्यों जारी रही। यह इन क्रियाओं का नतीजा है कि गुरूकुल के सभी बच्चे शारीरिक तौर पर फिट हैं।
सही अर्थों में गुरूकुल में पढ़ने वाले बच्चे लोहपुरूष हैं। अनेक बच्चों का वजन सही दैनिकचर्या अपनाने से घटा है। वे समय पर सोते व उठते हैं, दैनिक व्यायाम के साथ-साथ संतुलित भोजन करते हैं। दूसरी ओर कान्वेंट स्कूलों में पढऩे वाले कई बच्चे प्रार्थना सभा में ही गिर जाते हैं। वे कोई शारीरिक व्यायाम नहीं करते। चाऊमिन, पिज्जा, बर्गर, मोमोज सहित ने जाने क्या-क्या बच्चों को खिलाया जाता है। ऐसे में भविष्य के निर्माण की कैसे सोच सकते हैं। बच्चों में नशे की लत भी बढ़ रही है।

तीन बिंदुओं पर फोकस
राज्यपाल ने कहा कि बच्चे सबसे बड़ी पूंजी है। माता-पिता के लिए संतान से प्रिय कुछ नहीं होता। समाज में बच्चों को उचित वातावरण नहीं मिल रहा है। बच्चे मोबाइल से चिपके हुए हैं। मां-बाप रोकते हैं तो उनके साथ ठीक से बर्ताव नहीं करते। बच्चों के व्यक्तिगत जीवन का निर्माण की व्यवस्था कहीं दिखाई नहीं देती। लेकिन प्रबंध समिति द्वारा संचालित पांचों गुरूकुलों में फोकस तीन बिंदुओं-शिक्षा, शारीरिक क्रियाओं और संस्कारों पर रहता है। गुरूकुलों के माध्यम से ऐसे बच्चों का निर्माण करना चाहते हैं जो मां-बाप, परिवार, समाज व राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझे। गुणवान और संस्कार बनें। समाज भी उनकी कार्यशैली की सराहना करे। भावी जीवन की पूंजी संचित करना ही यहां के बच्चों का काम है।

बच्चे भावी समाज के कर्णधार और राष्ट्र के निर्माता हैं। ये बच्चे जितने संस्कारी होंगे राष्ट्र उतना ही आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सभी 5 गुरूकुल समान रूप से बच्चों के उत्थान में कार्यरत हैं।

गौशाला का निर्माण
उन्होंने कहा क सिधपुर में 200 गायों के लिए गौशाला का निर्माण किया गया है।  यहां गोमूत्र व गोबर से ही प्राकृतिक खेती की जाएगी। एक नवंबर से बच्चों को इन गायों का दूध उपलब्ध हो सकेगा। दस साल के लिए करीब 50 एकड़ जमीन लीज पर ली गई है। बच्चों को जहर मुक्त भोजन उपलब्ध हो, इसका प्रयास है।

गुरूकुल ज्योतिसर को रैंकिंग में प्रथम स्थान आचार्य देवव्रत ने बताया कि स्कूलों को रैंकिंग देने वाली  एजुकेशन वल्र्ड नामक संस्थान ने गुरूकुल ज्योतिसर को हरियाणा का प्रथम संस्थान व देश में सातवां स्थान घोषित किया है। गुरूकुल सिधपुर प्रदेश में दूसरे नंबर पर रैंकिंग में देश मे नौवें स्थान पर है।

समय पर बच्चों को गुरूकुल भेजने की अपील
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को छुट्टियों के बाद समय पर गुरूकुल छोड़ें। बहुत जरूरी होने पर ही छुट्टी लें। विवाह-शादी भी ऐसे समय तय करें जब बच्चों की छुट्टी हो। मुहुर्त दिखाने के चक्कर में न पड़ें।
 नए आविष्कारों पर सीबीएसई चेयरमैन का जोर
इस मौके पर सीबीएसई के चेयरमैन राहुल सिंह ने हम चाहते हैं कि भारत फिर से आविष्कारों की जननी बने। जुगाड़ से अब काम नहीं चलने वाला। आविष्कारों के मामले में चीन भारत से चार गुणा आगे हैं। प्रयोगों को बढ़ावा देते हुए नवाचार की दिशा में आगे बढऩा है। बोर्ड इस दिशा में भी गंभीरता से विचार कर रहा है कि बच्चों की मूल्यांकन प्रक्रिया से आगे बढक़र उनकी समझ का आंकलन किया जाए।
 सोशल मीडिया के नशे को करना होगा कम-डा. राजेंद्र
राज्यपाल(महाराष्ट्र) के प्रधान सचिव डा. राजेंद्र नारनवरे ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कि भले ही आज हम एआई व आईटी के नए युग में आगे बढ़ रहे हैं लेकिन सोशल मीडिया के नशे को कम करना होगा। उन्होंने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों पर जोर दिया।
सालाना उत्सव में मुख्य अतिथि ने शैक्षिक, खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों के विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने डा. प्रशांत नारनवरे और सीबीएसई चेयरमैन राहुल सिंह को शॉल ओढाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। गुरूकुल के बच्चों ने योगा, डंबल, मलखम्ब, सूर्य नमस्कार आदि का प्रदर्शन किया। राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण किया व सलामी ली। प्रिंसिपल अर्जुन देव ने सालाना रिपोर्ट पेश की। इस मौके पर डा. राजेंद्र विद्यालंकर, उद्योगपति डा. निशीकांत देश पांडेय, महेंद्र, शिवकुमार आदि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *