एडीसी ने महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों की ली बैठक, दिए दिशा-निर्देश।
करनाल, 15 अक्तूबर। एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि जिला स्तरीय युवा महोत्सव 27 व 28 अक्टूबर को पंडित चिरंजीलाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल व समन्वय के साथ कार्य करें और उक्त महोत्सव में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
एडीसी बुधवार को जिला लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय युवा महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस युवा महोत्सव में सभी 15 से 29 वर्ष तक की आयु के युवक-युवतियां भाग लें सकते हैं। प्रतिभागियों की आयु 1 सितंबर 2025 को 15 से 29 वर्ष होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि जिला युवा महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगीं, जिसमें समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, कहानी लेखन, पोस्टर मेकिंग, भाषण प्रतियोगिता, कविता लेखन, लोक वाद्य यंत्र एकल तथा समूह प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं राज्य की लोक कला एवं लोक नृत्य की प्रस्तुतियों के साथ विज्ञान मेले का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। एक प्रतिभागी केवल एक ही प्रतियोगिता में भाग ले सकता है। जिला स्तर पर विजेताओं को प्रमाण पत्र व पुरस्कार राशि भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे। प्रतियोगिताओं में प्रथम आने वाले प्रतिभागी को 3100 रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। द्वितीय को 2100 व तृतीय को 1100 रुपये व प्रमाण पत्र दिया जाएगा। प्रतिभागी को रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ आधार कार्ड, फैमिली आईडी, फोटो व बैंक खाता की प्रति लाना अनिवार्य हैं। प्रथम आने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे।
इस मौके पर डीईओ सुदेश कुमारी, डीएचईओ से दुपेंदर कुमार, जीबीएन राज. पॉलीटेक्रिक नीलोखेड़ी के कमलजीत मोटिया, जीजेटीआई से एपीओ मीनाक्षी शर्मा, जीआईटीआई से मोहिंदर सिंह व जतिन भोरिया, जिला युवा अधिकारी सुरमयी शर्मा उपस्थित रहे।
